🔳 बर्धो के बाद अब रतौडा क्षेत्र में लापरवाही का आरोप
🔳 क्रश बैरियर गलत ढंग से स्थापित कर इतिश्री किए जाने पर जताई नाराजगी
🔳 लगातार मामले सामने आने के बाद भी अफसरों की नहीं टूट रही नींद
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर चार करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से खतरा टालने को लगाए जा रहे क्रश बैरियर मनमाने ढंग से स्थापित किए जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की कार्यदाई संस्था बजट को बर्बाद करने में तूली है बावजूद लोनिवि के अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। अधिशासी अभियंता ने जल्द निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही है।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर भारी भरकम बजट से स्थापित किए जा रहे क्रश बैरियर कार्य का विवादों से पीछा छूटने का नाम नहीं ले रहा। पूर्व में बर्धो क्षेत्र में क्रश बैरियर स्थापित कीए जाने में मोटर मार्ग की सुरक्षा दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने का मामला सामने आने के बाद अब रतौडा क्षेत्र में ग्रामीणों ने क्रश बैरियर मनमाने ढंग से स्थापित कर बजट की बर्बादी किए जाने का आरोप लगा दिया है। ग्रामीणों के अनुसार खतरा टालने को लगाए जा रहे क्रश बैरियर क्षतिग्रस्त जगह पर लगा कर इतिश्री कर दी जा रही है वहीं कई जगह मोटर मार्ग से सटकर लगाए जा रहे हैं जिससे भविष्य में आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कोसी घाटी जन विकास समिति उपाध्यक्ष दयाल दरमाल के अनुसार क्रश बैरियर स्थापित किए जाने के कार्य में बड़ी लापरवाही की जा रही है। गांवों के लोगों में भी नाराजगी बढ़ने लगी है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उपाध्यक्ष ने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार जल्द निरीक्षण करवाया जाएगा। जिन स्थानों पर गलत ढंग से क्रश बैरियर लगाए गए हैं उन्हें हटाकर सही स्थान पर स्थापित किया जाएगा। साफ कहा की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




