🔳 व्यापार मंडल व टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने दे डाली चेतावनी
🔳 प्रभारी चिकित्साधिकारी से वार्ता कर हालातों में सुधार की उठाई मांग
🔳 बीते दिनों अस्पताल में महज पीआरडी जवान के मिलने पर जताई नाराजगी
🔳 क्षेत्रवासियों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करने का किया ऐलान
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]]
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने व समुचित चिकित्सकों की तैनाती की मांग को लेकर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल व टैंक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने प्रभारी चिकित्साधिकारी से वार्ता की। शिष्टमंडल ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की मांग उठाई। चेताया की यदि लापरवाह रवैया अपनाया गया तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
सोमवार को प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट की अगुवाई में सीएचसी गरमपानी पहुंचे व्यापारियों व टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने बीते दिनों रात के समय छड़ा गांव से मरीज को लेकर आए ग्रामीणों को अस्पताल में एक भी स्वास्थ्य कर्मी के न मिलने के मामले में रोष जताया। पदाधिकारियों व व्यापारियों ने कहा की सीएचसी गरमपानी तमाम गांवों के मध्य में होने के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित होने से महत्वपूर्ण अस्पताल है। कभी भी आपातकालीन स्थिति में मरीज अस्पताल पहुंच सकता है ऐसे में अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों को तैनात रहना चाहिए। चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत से व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं का लाभ लोगों को देने की मांग उठाई। आपातकालीन 108 सेवा, सरकारी एंबुलेंस समेत कई अन्य बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की। दो टूक कहा की यदि लापरवाही हुई तो फिर मजबूरन अस्पताल परिसर में धरना देने को विवश होना पड़ेगा। इस दौरान व्यापर मंडल गरमपानी ईकाई अध्यक्ष मनीष तिवारी, खैरना अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी, गोविंद सिंह, संजय सिंह, सुनील मेहरा आदि मौजूद रहे।




