🔳 श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख
🔳 तहसीलदार ने नदी का निरीक्षण कर जिला पंचायत से साधा संपर्क
🔳 गंदगी डालने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए निर्देश
🔳 बाजार में अनाउंसमेंट कर नदी को साफ सुथरा बनाए रखने की अपील
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
जीवनदायिनी कोसी नदी को लगातार गंदगी डाल प्रदूषित किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। लगातार मनाही के बावजूद नदी में धड़ल्ले से डालने पर अब श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन एक्शन मोड पर आ गया है। तहसील नेहा ने नदी क्षेत्र में डाली गई गंदगी का निरीक्षण कर जिला पंचायत को गंदगी डालने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। बाजार में अनाउंसमेंट कर गंदगी न डालने की चेतावनी भी दी गई।
खैरना क्षेत्र में बहने वाली कोसी नदी गंदगी से कराह रही है। पवित्र शिप्रा व कोसी नदी के संगम स्थल पर स्थित मोक्ष धाम के आसपास हालात सबसे ज्यादा खराब है। कई बार मनाही के बावजूद बाजार क्षेत्र से गंदगी नदी में डाली जा रही है। आए दिन मामला सामने आने के बाद अब तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को तहसीलदार नेहा ने राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील अहमद व राजस्व टीम को साथ लेकर नदी क्षेत्र में डाली गई गंदगी का निरीक्षण किया। तहसीलदार ने नदी में डाली गई गंदगी पर गहरी नाराजगी जताई। जिला पंचायत के अधिकारियों से संपर्क साध नदी में गंदगी डालने वालों को चिह्नित कर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने बाजार क्षेत्र में अनाउंसमेंट कर नदी क्षेत्र में गंदगी न डालने की अपील व्यापारियों से की। मनमानी पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।




