🔳 पिछले पंद्रह दिन से नलों से नहीं टपकी पानी की बूंद
🔳 दूर दूराज प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढो रहे ग्रामीण
🔳 डेढ़ सौ से अधिक परिवार विभागीय अनदेखी से आहत
🔳 जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के धारी व खैरनी गांव में पेयजल संकट गहराने से बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। गांव के लोग दूरदराज से सिर पर पानी ढोने को मजबूर है। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि उपेक्षा की गई तो फिर जल संसाधन के कार्यालय में धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा।
धारी व खैरनी गांव को गोलागाड़ – धारी खैरनी पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है पर पिछले दो सप्ताह से भी अधिक समय से धारी गांव में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपक रही। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से दोनों गांवो के करीब डेढ़ सौ परिवार बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। मजबूरी में दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से ग्रामीण सिर पर पानी के बर्तन रख घरों तक पहुंचाने को मजबूर हो चुके हैं। नवरात्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से ग्रामीणों में गहरा रोष भी व्याप्त है। आरोप लगाया की कई बार आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग भी उठाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय बिशन सिंह जंतवाल, भगत सिंह, बचे सिंह, शेर सिंह, धन सिंह, राजेंद्र सिंह, कांति देवी, प्रेमा देवी, चंदन सिंह, मोहन सिंह, नारायण सिंह, जीवन सिंह, जोगेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, पूरन सिंह, सरिता देवी, मोहनी देवी आदि ने जल्द व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग दोहराई है। दो टूक कहा की जल्द आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो फिर जल संस्थान के कार्यालय में धरना दिया जाएगा।




