🔳 200 में से 185 पशुपालकों को अब भी बकरी बाड़े का इंतजार
🔳 योजना के तहत मनरेगा योजना से किया जाना था तैयार
🔳 बाड़े तैयार न होने से पशुपालक भी परेशान
🔳 दो वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद नहीं मिल सका लाभ
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में महत्वाकांक्षी गोट वैली योजना से पशुपालकों को लाभान्वित करने को पशुपालन विभाग ने एडी चोटी का जोर लगाया पर दो वर्ष बीतने के बावजूद अब तक बकरे बाड़े ही अस्तित्व में नहीं आ सके है। मनरेगा योजना से महज पंद्रह पशुपालको को बकरी बाड़े का लाभ मिल सका है। पशुपालकों को महत्वपूर्ण योजना का समुचित लाभ न मिलने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी गोट वैली योजना कोसी घाटी के पशुपालकों के लिए संजीवनी साबित हुई। ब्लॉक के दर्जनों गांवों में करीब दो सौ पशुपालकों को योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। खास बात यह है की योजना में महिला पशुपालकों को जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराया गया। धनियाकोट, बेतालघाट, सिमलखा, बर्धो, अमेल, ज्योग्याडी़, सेठी,अमेल समेत करीब दर्जनभर से भी ज्यादा गांवों के करीब दो सौ पशुपालकों को गोट वैली योजना से जोड़कर पशुपालन विभाग ने योजना को धरातल में उतारा। जिलाधिकारी वंदना सिंह की विशेष पहल पर पशुपालन विभाग ने बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में कलस्तर तैयार कर ग्रामीणों को योजना से लाभान्वित किया। योजना के तहत लाभार्थी को शुरुआत में पांच बकरियों को खरीदने के लिए तीस हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया जिसे एक वर्ष में अदायगी का प्रावधान रखा गया। फिर दोबारा पशुपालकों को दस बकरियों व एक बकरा खरीदने के लिए 51 हजार रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई। शुरुआती चरण में ग्राम पंचायत की खुली बैठक में पशुपालकों के नाम का प्रस्ताव पास होने के बाद अनुमोदन को जिलाधिकारी के पास भेजा गया। स्वीकृति के बाद लाभार्थी को योजना से जोड़ लाभान्वित करना शुरु किया गया। योजना में मनरेगा योजना से बकरी बाड़ा तैयार करने का प्रावधान भी रखा गया पर योजना को शुरु हुए दो वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद आजतक महज 15 बकरी बाड़े का निर्माण हो सका है। ऐसे में पशुपालकों को बकरीपालन में तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। योजना का समुचित लाभ न मिलने से पशुपालक भी परेशान हैं। जंगली जानवरों के आंतक से पशुपालक रतजगा करने तक को मजबूर हैं। महत्वकांक्षी योजना का पूरा लाभ न दिए जाने पर तमाम गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। मुख्य पशु-चिकित्साधिकारी डा. धीरेश जोशी के अनुसार बाड़ा निर्माण के लिए पशुपालकों की सूची ब्लॉक मुख्यालय को उपलब्ध करा दी गई थी। किस स्तर पर देरी हुई पता लगवाया जाएगा। बीडीओ बेतालघाट पंकज जोशी ने बताया की 15 बकरी बाड़े तैयार हुए हैं। शेष कार्ययोजना में चढ़े हैं। लेबर डिमांड मिलने पर जल्द निर्माण करवाया जाएगा।

बेतालघाट के बाद अब रामगढ़ ब्लॉक पर फोकस

बेतालघाट ब्लॉक के दो सौ पशुपालकों को गोट वैली योजना के दायरे में लेकर लाभ दिलाए जाने के बाद अब संबंधित विभाग ने रामगढ़ ब्लॉक के पशुपालकों को योजना से लाभान्वित करने की रुपरेखा तैयार कर ली है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बेतालघाट के बाद अब रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में पशुपालकों को चिह्नित कर योजना से जोड़ा जाएगा ताकी पशुपालक आत्मनिर्भर बन सके। अधिकारियों की मानें तो जल्द ही प्रस्तावित महत्वपूर्ण बैठक के बाद योजना को धरातल में उतारा जाएगा।

टीकाकरण की भी तैयारी, टीमें गठित

पशुपालन विभाग ने पशुओं में खुरपका व मुहपका बिमारी की रोकथाम को टीकाकरण अभियान की तैयारी पूरी कर ली है। जनपद के सभी पशु चिकित्सालयों में बकायदा टीके उपलब्ध भी करा दिए गए हैं। सीवीओ डा. धीरेश जोशी के अनुसार अभियान के लिए टीमों का गठन भी कर लिया गया है जल्द ही अभियान शुरु किया जाएगा। बताया की दूसरे चरण में लंपी बिमारी से बचाव को टीकाकरण होगा। लगभग ढाई लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।

error: Content is protected !!