🔳 देहरादून में नौकरी के नाम पर लड़कियों को फंसाने व लूटपाट का मामला
🔳 पहाड़ की भोली भाली लड़कियों को दिया जाता है प्रलोभन
🔳 चोरगलिया की सिमरन की तहरीर के बाद खुली पुलिस की नींद
🔳 करणी सेना ने भी मामले को जोर-शोर से उठा कार्रवाई पर दिया जोर
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

नेटवर्किंग कंपनी में नौकरी का झांसा देकर पहाड़ की भोली भाली लड़कियों को फंसाने तथा गलत कार्य का दबाव बनाने व लूटपाट करने का मामला तूल पकड़ने के बाद अब आखिरकार नेहरु कॉलोनी पुलिस ने करीब 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरगलिया की युवती के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। मामले को लगातार उठा रहे करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी के अनुसार मामले में जल्द बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस से नेटवर्किंग कंपनी के जाल में फंसी पहाड़ की सैकड़ों बेटियों को आजाद कराने की मांग भी उठाई है।
नेटवर्किंग कंपनी में प्रतिमाह बीस हजार रुपये मानदेय उपलब्ध कराने तथा बड़े बड़े सपने दिखाकर लड़कियों को देहरादून बुलाकर उनसे जबरदस्ती घर से पैसे मंगाने तथा इंटरनेट प्लेटफॉर्म के जरिए लड़कों को फंसाने का दबाव बनाने वाली कंपनी व उसके 11 कारिंदों के खिलाफ शनिवार को नेहरु कॉलोनी थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरगलिया के तल्ला आमखेडा निवासी सिमरन बोहरा के बीते दिनों पुलिस को तहरीर देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई थी। बकायदा पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी थी। करणी सेना ने भी मामले को गंभीरता से ले खुलासे के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। सिमरन के बाद रामनगर की संजना ने भी नेटवर्किंग कंपनी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। बीते कुछ दिनों से सिमरन तथा कई अन्य युवतियां करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर देहरादून में डेरा डाली हुई थी। शनिवार सुबह एक बार फिर सभी ने नेहरु कॉलोनी स्थित थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग उठाई। सुनवाई न होने पर आंदोलन कि ऐलान भी किया। हरकत में आई पुलिस ने सिमरन की तहरीर के आधार पर कंपनी के पवन पांडेय, ईश्वर पांडे, नयन टम्टा, कृष्णा टम्टा, गणेश मेहरा, प्रदीप जलाल, बबीता जोशी, किरन टम्टा, दीक्षा पांडे, शीतल अधिकारी, चंदू पांडे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिमरन के अनुसार मुकदमा दर्ज होने के बाद अब कार्रवाई की उम्मीद है। करणी सेना पदाधिकारियों ने भी बड़े खुलासे की उम्मीद जताई है। नेहरु कॉलोनी थाने के विवेचना अधिकारी विकास शुक्ला ने बताया की मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच शुरु कर दी गई है।

अब जैंती गांव की युवती आई सामने सौंपी तहरीर

नेटवर्किंग कंपनी के खिलाफ एक के बाद एक युवतियां सामने आ रही है। शनिवार को अल्मोड़ा जनपद के जैंती गांव निवासी माया ने भी नेहरु कॉलोनी थाने में तहरीर सौप कंपनी के खिलाफ गंभीर आरोप लगा कार्रवाई की मांग उठाई। तहरीर के माध्यम से बताया की कंपनी कर्मियों ने नौकरी का झांसा देकर उसे देहरादून बुलाया। पहले पंजीकरण के नाम पर तीन हजार रुपये ले लिया। एक कर्मी ने जबरदस्ती बीस हजार रुपये तक लूट लिए। मांगने पर डराया धमकाया जाने लगा‌। दो महिने तक बंधक बनाकर मानसिक उत्पीड़न भी किया गया। खाते से 52 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। माया ने पुलिस से कंपनी तथा उसके कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!