= पूजा अर्चना के साथ बेतालघाट की रामलीला का श्रीगणेश
= कलाकारों ने दमदार अभिनय के दम पर दर्शकों को किया भावविभोर
= दूरदराज के गांवों से मंचन का लुत्फ उठाने पहुंचे ग्रामीण
बेतालघाट की ऐतिहासिक रामलीला का श्रीगणेश विधी विधान व पूजा अर्चना के साथ हुआ। पहले दिन रामजन्म, नटी सूत्रधार, रावण, कुंभकरण, विभीषण तपस्या का भव्य मंचन किया गया। रामलीला मंचन का लुत्फ उठाने दूर दराज से दर्शक बेतालघाट स्थित रामलीला मैदान पहुंचे। कलाकारों ने दमदार प्रस्तुति के दम पर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बेतालघाट स्थित रामलीला मैदान में पूजा अर्चना व प्रसाद वितरण के बाद मुख्य अतिथि डायट के पूर्व प्राचार्य शिवदत्त जोशी व विशिष्ट अतिथि आंनद पांडे ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। अतिथियों ने पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। बेतालघाट की रामलीला के 25वें वर्ष में प्रवेश करने पर कमेटी पदाधिकारियों व सदस्यों की सराहना की। पहले दिन रामजन्म, नटी सूत्रधार व रावण, विभीषण व कुंभकरण के कैलाश पर्वत पर देवाधिदेव महादेव की तपस्या का शानदार मंचन किया गया। रावण के पात्र संजय गोस्वामी ने देखो रे देखो ये मेरे बल को………. कैलाश पर्वत उठा रहा हूं………..। की दमदार प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। कुंभकरण के पात्र दीपक जलाल, विभीषण अनुज पांडे, सूत्रधार सुरेन्द्र सिंह जलाल तथा नटी के पात्र शेखर फुलारा व दशरथ के पात्र विनोद तिवाड़ी ने भी शानदार अभिनय कर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। दूरदराज के गांवों से पहुंचे सैकड़ों दर्शकों ने भी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। थाना पुलिस बेतालघाट की टीम सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही। इस दौरान तारा भंडारी, रवि पढालनी, दीपक जलाल, बालम बोहरा, विपिन जोशी, हेम जोशी, प्रताप बोहरा, रमेश तिवारी, विनोद तिवारी, राजेंद्र पांडे, केवल सिंह भंडारी आदि व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।




