🔳 बाजार क्षेत्र में हाईवे के बीचोंबीच खड़े हो जा रहे पशु
🔳 स्कूली नौनिहालों व राहगीरों के लिए भी बन चुके खतरा
🔳 आसपास के गांवों से पशुपालक बाजार में छोड़ जा रहे पशु
🔳 व्यापारियों ने पशुओं को गौसदन भेजने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में बेसहारा गौवंशीय पशुओं का झुंड रफ्तार पर ब्रेक लगा दे रहा है। हाईवे के बीचोंबीच झुंड के साथ खड़े गौवंशीय पशु राहगीरों व स्कूली बच्चों के लिए भी खतरा बन चुके हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय लोगों ने कभी भी बड़ी अनहोनी का अंदेशा भी जताया है।
आसपास के गांवों से पशुपालक पशुओं को बाजार क्षेत्र में बेसहारा छोड़ जा रहे हैं जिस कारण हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्र में बेसहारा गौवंशीय पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। गरमपानी से खैरना बाजार तक जगह जगह पशुओं के झुंड से आवाजाही प्रभावित होती जा रही है। पशु हाईवे के बीचोंबीच खड़े होकर यातायात तक ठप कर दे रहे हैं। पूर्व में गरमपानी निवासी बुजुर्ग व्यापारी की गौवंशीय पशु के हमलावर होने से मौत तक हो चुकी है जबकि कुछ ही दिन पहले एक व्यापारी गंभीर रुप से घायल भी हो चुका है। पशुओं के बाजार क्षेत्र में घुमने से स्कूली बच्चे व राहगीर भी परेशान हैं कभी भी बड़ी अनहोनी का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष गरमपानी मनीष तिवारी, खैरना ईकाई अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह, त्रिलोचन बुधलाकोटी, विवेक पंत, देवेश कांडपाल बालम पिनारी, कमल तिवारी आदि ने गौवंशीय पशुओं को गौसदन भेजने की मांग उठाई है ताकि समय रहते खतरा टाला जा सके।




