🔳 उपजिलाधिकारी के माध्यम से सीएम को पत्र भेज किया ऐलान
🔳 गैंगस्टर एक्ट लगने के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर जताई नाराजगी
🔳 ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दिन फायरिंग कर फैलाई थी दहशत
🔳 तीन गोलियां लगने से घायल हुआ छड़ा निवासी महेंद्र
🔳 16 आरोपितों पर पुलिस ने लगाया है गैंगस्टर, 9 हो चुके गिरफ्तार
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग में एक महीने से अधिक का समय बीतने के बावजूद कई आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है। घायल व्यक्ति के छोटे भाई पूर्व सैनिक ने मनोज बिष्ट ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेज सप्ताहभर में गिरफ्तारी न होने पर परिवार व गांव के लोगों के साथ धरने में बैठने का ऐलान कर दिया है।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बेतालघाट में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा क्षेत्र दहल उठा। खुलेआम हुई फायरिंग में छड़ा गांव निवासी महेंद्र सिंह बिष्ट तीन गोलियां लगने से गंभीर रुप से घायल हो गए। गरमपानी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया जहां आपरेशन के बाद उनके पैर से गोली निकाली जा सकी। घायल महेंद्र अभी भी बिस्तर पर ही है। कांग्रेसी नेता भुवन तिवारी की तहरीर पर बेतालघाट पुलिस ने सोलह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। करीब नौ लोगों की गिरफ्तारी भी कर ली गई। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर दहशत फैलाने वाले आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज कर लिया पर अब तक कई आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर है। स्थानीय लोगों ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाई पर सुनवाई नहीं हो सकी। शुक्रवार को घायल के छोटे भाई पूर्व सैनिक मनोज सिंह बिष्ट ने श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेज न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पत्र के माध्यम से बताया है की फायरिंग करने वाले कई प्रभावशाली अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। कई आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। ऐसे में पूरा परिवार दहशत में हैं। आरोपित कभी भी कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। आरोपित गिरफ्तारी पर रोक लगाने को न्यायालय की शरण लेकर न्यायालय को भी गुमराह कर रहे हैं जबकि उनके खिलाफ घटना में लिप्त रहने के सभी समुचित साक्ष्य उपलब्ध है। मनोज सिंह बिष्ट ने स्पष्ट किया है यदि उनके भाई को गोली मारने वाले सभी आरोपित सप्ताहभर के भीतर गिरफ्तार नहीं किए गए तो फिर घायल भाई, ग्रामीणों व परिवार के सदस्यों को साथ लेकर श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय में धरना शुरु कर दिया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने भी तत्काल गिरफ्तारी किए जाने की मांग उठाई है।




