🔳 बेतालघाट ब्लॉक में 52 नवनिर्वाचित प्रधान अब तक शपथ से वंचित
🔳 वार्ड सदस्यों के न चुनें जाने से आई है अड़चन
🔳 महज 23 ग्राम प्रधान अब तक ले सके हैं शपथ
🔳 ब्लॉक के 75 ग्राम पंचायतों में हुआ है चुनाव
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में निर्वाचन प्रक्रिया व परिणाम घोषित होने के बावजूद अब तक तमाम गांवों की सरकार अस्तित्व में ही नहीं आ सकी है। महीना भर से भी अधिक समय बीतने के बाद अब तक 52 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान शपथ से तक वंचित हैं। 75 ग्राम पंचायतों वाले बेतालघाट ब्लॉक में अब तक महज 23 ग्राम प्रधान ही शपथ ग्रहण कर सके हैं। पंचायतों के आधे अधूरे गठन से गांवों में लंबे समय से विकास कार्य तक ठप पड़े हुए हैं।
हरिद्वार को छोड़कर प्रदेशभर में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के साथ ही बेतालघाट ब्लॉक में भी तय समय पर निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। बीते 31जुलाई को परिणाम घोषित कर दिए गए। परिणामों के बाद गांव की सरकार के अस्तित्व में आने की उम्मीद जगी पर अब तक तमाम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को कुर्सी नसीब नहीं हो सकी है। 75 ग्राम पंचायत संख्या वाले ब्लॉक में अब तक महज 23 ग्राम प्रधान शपथ लेकर पंचायत की कमान संभाल चुके हैं पर छड़ा खैरना, ओडाबास्कोट, कटिमी गजार, कफूल्टा, खलाड, खैरनी, गरजोली, घिरौली, घंघरेठी, चंद्रकोट, चोर्सा, जाख , जिनोली, नौघर, पाडली, पांगकटारा, तल्लीपाली , मल्ली सेठी, तौराड, थुआ ब्लॉक, दाडिमा, धारी, नौघर, पाडली समेत 52 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान शपथ न ले पाने से मायूस हैं। गांवों में लंबे समय से मुखिया की कुर्सी खाली होने व अब अधिकार न मिलने से विकास कार्यों के साथ ही स्थानीय लोगों के महत्त्वपूर्ण कार्य लटके पड़े हैं। पिछला पंचवर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद पंचायते प्रशासकों के हवाले कर दी गई अब चुनाव जीतने के बावजूद नवनिर्वाचित प्रधानों को शपथ तक न दिलाए जाने से गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। गांवों के लोगों ने भी मामले में गहरी नाराजगी जताई है। जल्द कार्यकाल शुरु करवाए जाने की मांग उठाई है। बीडीओ बेतालघाट पंकज जोशी के अनुसार पंचायतों में वार्ड सदस्यों की स्थिति साफ न होने से दिक्कत आई है। चुनाव आयोग से निर्देश मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।




