🔳 छतौला स्थित होटल में हुई घटना के बाद जांच में हुआ खुलासा
🔳 होटल के एक कमरे में लटकता मिला था नाबालिग का शव
🔳 स्वजनों ने लगाया है नाबालिग की हत्या किए जाने का आरोप
🔳 पोस्टमार्टम के बाद कपिलेश्वर स्थित मोक्ष धाम में गमगीन माहौल में हुई अंत्येष्टि
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के छतोला क्षेत्र में स्थित होटल में हुई घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध है। शव का पोस्टमार्टम के बाद कपिलेश्वर धाम स्थित मोक्ष धाम में गमगीन माहौल में मृतक की अंत्येष्टि कर दी गई। पुलिस होटल कर्मियों से लगातार पूछताछ में जुटी है। जांच में होटल में लगे छह सीसीटीवी में तीन के कई दिनों से खराब पड़े होने का खुलासा हुआ है। स्वजनों ने होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने का आरोप भी लगाया है।
छतौला गांव स्थित क्राॅस वुड होटल के कमरे में बीते सोमवार को नजदीकी गांज गांव निवासी हिमांशु नयाल का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। शव के होटल के कमरे में चादर से लटकता मिलने के बाद मृतक के स्वजनों ने हिमांशु की हत्या किए जाने का आरोप लगाया।हंगामा बढ़ने पर पुलिस पूछताछ के लिए होटल के तीन कर्मियों को लेकर भवाली कोतवाली रवाना हो गई साथ ही मामले में जांच शुरु कर दी। पुलिस की प्रारम्भिक जांच में ही होटल में लगे छह में से तीन कैमरे बीते 27 अगस्त से खराब पड़े होने का खुलासा हुआ है। पुलिस आसपास के होटलों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। वहीं होटल कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को नैनीताल में पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव पहुंचाया गया है। घटना से माता पिता बेसुध है। कपिलेश्वर धाम स्थित मोक्ष धाम में मृतक की अंत्येष्टि की गई। चाचा खीम सिंह नयाल ने भतीजे की हत्या किए जाने की बात दोहराई। कहा की जानकारी जुटाने पर पता चला है की होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती थी। अंदेशा जताया की भतीजे ने भी कोई ऐसा मामला देख लिया जिससे उसे मौत के घाट उतार दिया गया। होटल स्वामी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। कहा की इतनी बड़ी घटना को दो दिन बीतने के बावजूद अब तक होटल स्वामी का कुछ अता पता नहीं है। स्वजनों ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर होटल के ध्वस्तीकरण व दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। अंदेशा जताया की सीसीटीवी फुटेज से भी छेड़छाड़ की गई है। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार होटल कर्मियों से पूछताछ के साथ सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के होटलों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। तीन सीसीटीवी खराब मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे कार्रवाई होगी।




