🔳 सप्ताहभर से मोटर मार्ग पर ठप है यातायात
🔳 जगह जगह मलबे का ढेर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर खड़े कर रहा सवाल
🔳 सड़क न खोले जाने से किसानों में पनपने लगा रोष
🔳 आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने स्टेट हाईवे पर धरने का किया ऐलान
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से सटे सब्जी उत्पादक तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर सप्ताह भर से भी अधिक समय से आवाजाही ठप पड़ी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। मजबूरी में गांवों के लोग सब्जियों को सिर पर रखकर पांच किमी की पैदल दूरी नाप स्टेट हाईवे तक पहुंचाने को मजबूर हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी पर क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।
स्टेट हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के मलौना, पोखरी, ज्याडी, डीना समेत आसपास के तमाम गांव सब्जी उत्पादक बेल्ट के नाम से विख्यात है। यहां फूलगोभी, शिमला मिर्च, टमाटर, आदि की बंपर पैदावार होती है पर जिम्मेदार गांव की अनदेखी पर आमादा है। सप्ताह भर से गांवों को जोड़ने वाला जगह जगह मलबा गिरने से बंद है पर विभागीय अधिकारियों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही जिसका खामियाजा गांवों के किसानों को भुगतना पड़ रहा है। गांव से सब्जियां सिर पर रखकर पांच किमी दूरी पैदल नापने के बाद स्टेट हाईवे तक पहुंचाई जा रही है जहां से बामुश्किल फिर उपज को बड़ी मंडियों को भेजा जा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया की मोटर मार्ग को बंद पड़े एक सप्ताह बीत चुका है पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। लगातार मांग उठाए जाने के बाद भी सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय प्रताप सिंह गौणी, अनिल सिंह, महेश सिंह, नरेंद्र सिंह, दिलिप सिंह, गोपाल सिंह, चंदन सिंह, रोहित गौणी, देवेंद्र सिंह आदि ने जल्द मोटर मार्ग से मलबा हटा आवाजाही सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। चेताया की यदि यातायात सुचारु नहीं किया गया तो फिर स्टेट हाईवे पर धरना दिया जाएगा।




