🔳 तस्कर पुलिस प्रशासन को दे रहा खुली चुनौती
🔳 वन विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़े हो रहे सवाल
🔳 बेरोकटोक शराब बिक्री से गांव का माहौल बिगड़ने का खतरा
🔳 सीएम पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायत, कार्रवाई की मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर ताड़ीखेत गांव पत्थर व शराब तस्करी के क्षेत्र में पहचान बनाने लगा है। धड़ल्ले से बेची जा रही शराब व पहाड़ी से बेतरतीब खदान कर तस्कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देने पर आमादा है। लगातार खराब होते माहौल से अब स्थानीय ग्रामीण ने मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की मांग उठाई है।
लोहाली – नथुवाखान मोटर मार्ग पर स्थित ताड़ीखेत गांव में पत्थर तस्करी के साथ ही शराब बिक्री चरम पर पहुंच गई है। धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब से जहां गांव का माहौल बिगड़ने के साथ ही स्कूली बच्चों के भी नशे की चपेट में आने का अंदेशा बना हुआ है वहीं जगह जगह पहाड़ियों से खदान कर निकाले जा रहे पत्थरों को डंपरों में लाद हरतोला व आसपास के क्षेत्रों में ठिकाने लगाया जा रहा है। स्थानीय ललित प्रसाद ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज करा कार्रवाई की मांग उठाई है। बताया है की पत्थर तस्कर लंबे समय से सक्रिय हैं। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। मुनाफे के फेर में मिलीभगत से हरी भरी पहाड़ियों को नुकसान पहुंचा पत्थर निकाले जा रहे हैं जिससे भविष्य में क्षेत्र के भूस्खलन की जद में आने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत के जरिए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।




