🔳 सड़क खोलने के उल्ट धड़ल्ले से की जा रही तस्करी
🔳 जेसीबी मशीन की मदद से डंपरों में पत्थर लाद लगाए जा रहे ठिकाने
🔳 खुलेआम तस्करी से ग्रामीणों ने जताई गहरी नाराजगी
🔳 भुजान – मलौना – बोहरा गांव मोटर मार्ग का मामला

[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

समीपवर्ती भुजान बाजार क्षेत्र से तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर मलबा हटाने के नाम पर धड़ल्ले से पत्थर तस्करी का खेल जोरों पर है। कई दिनों से बंद रोड खोलने के बजाय लोडर मशीन से डंपरों में पत्थर लाद ठिकाने लगाए जाने से गांवों के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। राजस्व पुलिस के अनुसार जल्द ही निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।

भुजान – मलौना – बोहरा गांव मोटर मार्ग पर पिछले तीन दिनों से आवाजाही ठप है। गांवों के लोग सिर पर सामान ढोकर गांव तक पहुंचाने को मजबूर हैं पर सड़क खोलने के नाम पर खुलेआम पत्थर तस्करी का खेल किया जा रहा है। सड़क में गिरे मलबे को हटाने के बजाए लोडर मशीन से पत्थरों को डंपरों में लाद जहां तहां भेजा जा रहा है बावजूद प्रशासन व पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। लोडर मशीन के लगातार डंपरों में पत्थर भरने के कार्य में जुटे रहने से मोटर मार्ग से मलबा हटाने का कार्य प्रभावित होता जा रहा है जिस कारण सड़क पर यातायात सुचारु नहीं हो पा रहा और खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पत्थर तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मोटर मार्ग तत्काल खोले जाने की मांग उठाई है। पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता दीप चंद्र टम्टा के अनुसार मशीन से मलबा हटाने की अनुमति दी गई है। पत्थर डंपरों में भरकर जहां तहां भेजने की कोई अनुमति नहीं है। राजस्व उपनिरीक्षक दिगपाल सिंह बोहरा के अनुसार निरीक्षण किया जाएगा। मामले में निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!