🔳 स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
🔳 खैरना बाजार से लौट रहा था वन दरोगा, गधेरे में खो दिया संतुलन
🔳 पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ व ग्रामीणों ने चलाया सर्च अभियान
🔳 पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में की गई अंत्येष्टि
🔳 वन विभाग के कर्मचारियों ने दी अपने साथी को अंतिम विदाई
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर डोलकोट क्षेत्र में बरसाती नाले के तेज बहाव में बहे वन दरोगा का शव मध्य रात्रि दो बजे बरामद कर लिया गया। गधेरे के तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ की टीम ने बामुश्किल शव बाहर निकाला। घटना से मृतक के स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है जबकि गांव में मातम पसर गया हैं। पिछले वर्ष ही उसके छोटे भाई की भी करंट की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। पोस्टमार्टम के बाद कोसी नदी स्थित मोक्ष धाम में गमगीन माहौल में वन दरोग़ा को अंतिम विदाई दी गई।
बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल निवासी देवेंद्र सिंह (40) पुत्र दिलीप सिंह वन विभाग के बेतालघाट रेंज में बतौर वन दरोगा तैनात थे। बुधवार को शाम के समय वह खैरना बाजार क्षेत्र से साथी युवक को लेकर बाइक से घर की ओर रवाना हुए। रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर डोलकोट क्षेत्र में बहने वाली बरसाती गधेरे को पार करने की कोशिश में वह असंतुलित होकर बाइक समेत गधेरे के तेज बहाव में बह गए जबकि दूसरा युवक उपर ही अटक गया। युवक की चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा युवक को बाहर निकाला गया जबकि तेज बहाव में बह चुके देवेंद्र की तलाश शुरु की। सूचना पर श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन, बेतालघाट पुलिस व एसडीआरएफ छड़ा इकाई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दूर दूर तक देवेंद्र की तलाश की गई। अंधेरा होने व बरसाती गधेरे का बहाव तेज होने से सर्च अभियान में काफि दिक्कतें आई। दो लोडर मशीनों की मदद से उफनाए गधेरे का पानी डायवर्ट करने की भी कोशिश की गई। मध्य रात्रि करीब दो बजे के आसपास एसडीआरएफ ने गधेरे के बीचोंबीच फंसे वन दरोगा का शव बरामद कर लिया। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। शुक्रवार को राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद कोसी नदी स्थित श्मशान घाट में मृतक की अंत्येष्टि की गई। मृतक अपने पीछे वृद्ध माता पिता, पत्नी तथा दो छोटे छोटे बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है।




