🔳 कलमठ व बंद पड़ी बरसाती नाली ने बढ़ाई समस्या
🔳 बाजार भी तलैया में रहा तब्दील, राहगीरों ने दिक्कतों में की आवाजाही
🔳 व्यापारियों ने एनएच विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
🔳व्यवस्था में सुधार किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही। बाजार क्षेत्र में बरसाती नाली व कलमठ बंद होने से बारिश का पानी बाजार क्षेत्र में आफत बनकर इकठ्ठा हो गया। दुकानों व घरों तक पानी घुसने से लोग परेशान रहे। क्षेत्रवासियों ने एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध नहीं ली गई जिसका परिणाम सामने आ गया है।
बारिश गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में आफत बनकर बरस रही है। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने बाजार क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। बाजार क्षेत्र में लाखों रुपये के सरकारी बजट से बनी बरसाती नाली व जगह‌ जगह बंद पड़े कलमठ स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। मंगलवार को भी हुई बारिश से बाजार क्षेत्र तलैया बना रहा। नाली व कलमठो के बंद होने से बारिश का पानी बाजार क्षेत्र से बहता हुआ दुकानों व कई घरों की ओर रुख कर गया। लोग घरों व दुकानों से पानी निकालने में जुटे रहे। कई लोग नालियों की सफाई कार्य में जुटकर एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली को कोसते रहे। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम पिनारी ने आरोप लगाया की एनएच विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है‌। दो टूक चेताया की यदि जल्द बंद कलमठ व बरसाती नाली नहीं खोली गई तो फिर तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

error: Content is protected !!