🔳 जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंची बंदर पकड़ने वाली टीम
🔳 विशेष अभियान चलाकर पकड़े 42 कटखने बंदर
🔳 बंदरों के पकड़े जाने से विद्यार्थियों की जिंदगी से भी टला खतरा
🔳 जेएनवी प्रबंधन ने डीएम को पत्र भेज दी थी बंदरों के उत्पात की जानकारी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]

जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों व शिक्षकों को अब बंदरों के आंतक से निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्यालय पहुंची वन विभाग की टीम ने बंदर पकड़ने को विशेष अभियान चलाया। करीब 42 बंदरों को पकड़कर रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया। उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार आगे भी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में बंदरों का आंतक बढ़ने से बीते दिनों विद्यालय प्रबंधन ने जिलाधिकारी वंदना सिंह को पत्र भेज बंदरों के लगातार हमलावर होने की जानकारी दे बंदरों के आंतक से निजात दिलाने की गुहार लगाई। पत्र के माध्यम से बताया की विद्यालय परिसर में बंदरों का झुंड विद्यार्थियों पर हमलावर हो जा रहा है। कई बच्चे घायल तक हो चुके हैं। लगातार दहशत बढ़ती ही जा रही है। बंदरों के आंतक से विद्यालय में शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित होता जा रहा है। बंदरों की घुसपैठ न रोकें जाने पर बड़ी अनहोनी का अंदेशा भी जताया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से ले वन विभाग को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर हरकत में आए वन विभाग ने विद्यालय में बंदर पकड़ने वाली टीम को रवाना किया। विशेष टीम ने अभियान चलाकर विद्यालय परिसर व आसपास से करीब 42 बंदरों को पकड़कर रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेजा। बंदरों के पकड़े जाने से विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों व स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। स्थानीय मदन मोहन सुयाल, कुबेर सिंह जीना, प्रकाश जोशी, विरेन्द्र सिंह, मनोज सिंह बिष्ट आदि ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त कर समय समय पर अभियान चलाने को वन विभाग को निर्देशित किए जाने की मांग उठाई है।

error: Content is protected !!