🔳 प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति को भेजा गया जिलाधिकारी के पास
🔳 उप-शिक्षा अधिकारी बेतालघाट ने किया भवन का निरीक्षण
🔳 शिक्षकों को दिए नौनिहालों की सुरक्षा को विशेष ध्यान रखने के निर्देश
🔳 फिलहाल संकुल संसाधन केंद्र में कक्षाएं संचालित करने के निर्देश
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

राजकीय प्राथमिक विद्यालय खैरना के भवन की दरकती छत से नौनिहालों की जिंदगी पर मंडरा रहे खतरे का मामला जोर-शोर से उठने के बाद उप-शिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी ने विद्यालय का निरीक्षण किया। बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा के ठोस कदम उठाने के निर्देश शिक्षकों को दिए। विद्यालय भवन की छत मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी को भिजवाया। बताया की खनन न्यास निधी से बजट मिलते ही तत्काल कार्य करवाया जाएगा।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों की जिंदगी पर खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है‌ लंबे समय से विद्यालय भवन की छत दरकने से नौनिहाल बरामदे में बैठकर प्राथमिक शिक्षा का पाठ पढ़ रहे हैं। विद्यालय भवन के लोकसभा, विधानसभा व पंचायत चुनाव में मतदान केंद्र होने के बावजूद सुध न लिए जाने से नाराज क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति पदाधिकारियों के आवाज उठाए जाने व उग्र आंदोलन की चेतावनी दिए जाने के बाद उप-शिक्षा अधिकारी बेतालघाट राशी बुधलाकोटी ने विद्यालय भवन का जायजा ले हालात जाने। उप-शिक्षा अधिकारी ने मौके पर ही छत की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी वंदना सिंह को भिजवा खनन न्यास निधी से समुचित बजट उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विद्यालय में तैनात शिक्षकों से बारिश के दौरान नौनिहालों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साफ कहा की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप-शिक्षा अधिकारी राशी के अनुसार कुछ दिनों में विद्यालय के समीप संकुल केंद्र में विद्यालय संचालित करने को कहा गया है‌। खनन न्यास निधी से बजट उपलब्ध होते ही कार्य शुरु करवा दिया जाएगा। उप-शिक्षा अधिकारी के विद्यालय की सुध लेने पर व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने आभार व्यक्त किया साथ ही तत्काल खतरा टालने को मरम्मत कार्य की शुरुआत किए जाने की मांग उठाई है‌।

error: Content is protected !!