🔳 नालियां व कलमठ बंद होने से तलैया में तब्दील हुआ हाईवे
🔳 भारी बारिश के बीच नालियां खोलने में जुटे रहे व्यापारी
🔳 जिला पंचायत व एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली को ठहराया जिम्मेदार
🔳 आए दिन समस्या सामने आने पर जताई नाराजगी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना बाजार अव्यवस्था का बाजार बन चुका है। बारिश से बाजार क्षेत्र तलैया में तब्दील हो गया। बाजार में बनी बरसाती नाली व कलमठ बंद होने से बारिश का पानी हाईवे पर बहता रहा। कई दुकानों व घरों की ओर पानी के रुख करने से स्थानीय लोग परेशान रहे। क्षेत्रवासियों ने जिला पंचायत व एनएच प्रशासन की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई।
रविवार को दोपहर में एकाएक मौसम के मिजाज बदलने व मूसलाधार बारिश से खैरना बाजार क्षेत्र में आफत का सैलाब आ गया। देखते ही देखते बारिश का पानी हाईवे पर बहने लगा। आवाजाही करने वाले राहगीर परेशान रहे। बाजार में बनी बरसाती नाली व कलमठो के जगह जगह बंद होने से स्थानीय व्यापारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुकानों व घरों की ओर पानी के रुख करने से भारी बारिश के बीच कई व्यापारी नाली खोलने में जुटे रहे। एनएच प्रशासन की अनदेखी व जिला पंचायत की लापरवाही से बारिश के दौरान क्षेत्रवासियों का समस्याओं से जूझना नियति बन चुका है। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने आरोप लगाया की एनएच विभाग थोड़ी बहुत नाली खोल इतिश्री कर रहा है जबकि बाजार क्षेत्र में कूड़े का सही ढंग से निस्तारण न कर जिला पंचायत लापरवाही पर आमादा है। कूड़े से नालियां बंद है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा और खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अध्यक्ष ने व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार एनएच विभाग तथा जिला पंचायत को व्यवस्था दुरुस्त करने को निर्देशित किया जाएगा। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि नाली व कलमठ अतिक्रमण कर बंद किए गए हैं तो अतिक्रमण भी ध्वस्त किया जाएगा।
