🔳 स्थलीय निरीक्षण कर आवाजाही की गई सख्ती से प्रतिबंधित
🔳 सिंचाई विभाग को चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से उठाया पर्यटकों पर मंडरा रहे खतरे से जुड़ा मामला
🔳 जान जोखिम में डाल बरसाती नाले में नहाने उतर रहे थे पर्यटक
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर बहने वाले बरसाती नाले में जान जोखिम में डाल नहाने उतर रहे पर्यटकों से संबंधित समाचार तीखी नजर समाचार पोर्टल में प्रमुखता से प्रकाशित होते ही श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन हरकत में आ गया है। उपजिलाधिकारी मोनिका के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर बरसाती नाले की ओर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सिंचाई विभाग को बरसाती नाले के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हाईवे पर कैंची व निगलाट क्षेत्र के बीच बहने वाले बरसाती नाले में खतरे से अंजान पर्यटक जान जोखिम में डाल नहाने उतर जा रहे हैं। बरसात के मौसम में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश होने से कभी भी बरसाती नाले उफान में आ जाते हैं जिससे पर्यटकों की जिंदगी पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। पर्यटक छोटे छोटे बच्चों व परिवार की महिला सदस्यों के साथ भी बरसाती नालों में घंटों बीता रहे हैं। नाले में पानी का बहाव बढ़ने से बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने पर्यटकों की जिंदगी पर मंडरा रहे खतरे से संबंधित समाचार प्रमुखता से प्रकाशित कर मामले को जोर-शोर से उठाया। शुक्रवार को समाचार प्रकाशित होते ही शनिवार को श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका ने राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल व राजस्व उपनिरीक्षक रवि पांडे को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए साथ ही नाले की ओर आवाजाही सख्ती से प्रतिबंधित करने को कहा। मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने नाले की स्थिति का जायजा लिया साथ ही आवाजाही प्रतिबंधित कर दी। राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल के अनुसार सिंचाई विभाग से संपर्क साध नाले के समीप चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साफ कहा की नियमों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। विभिन्न राजनीतिक, गैर-राजनीतिक व व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से उठाने पर तीखी नजर समाचार पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।
