🔳 गरमपानी में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा कार चालक
🔳 नावली में हाईवे पर रपटा स्कूटी सवार
🔳 सुयालबाड़ी क्षेत्र में निर्माण सामग्री से लदा ट्रक हाईवे पर पलटा
🔳 खैरना पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अलग अलग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सीएचसी गरमपानी में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। खैरना पुलिस की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात भी सुचारु किया गया।
हाईवे पर पहली दुर्घटना गरमपानी क्षेत्र में हुई। आदिबद्री, चमोली निवासी प्रमोद व उसका चचेरा भाई नीरज बुधवार सुबह हल्द्वानी से अपनी कार यूके 11 बी 6180 से आदिबद्री को रवाना हुए। दोनों हाईवे पर गरमपानी क्षेत्र में पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक कार पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन कार हाईवे पर पलटते हुए हुए हाईवे किनारे खड़ी दो कारों से जा टकराई।दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे दोनों युवकों को बामुश्किल बाहर निकाल सीएचसी गरमपानी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया जबकि दूसरे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दूसरी घटना हाईवे पर नावली क्षेत्र में हुई जहां स्कूटी स्वार देवलचौड़, हल्द्वानी निवासी ताजबीर सिंह रपट गया। स्थानीय लोगों ने घायल को निजी वाहन से सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद आपातकालीन 108 सेवा से हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। तीसरी घटना सुयालबाड़ी क्षेत्र में कतियागाढ़ पुल के समीप हुई जहां हल्द्वानी से निर्माण सामग्री लेकर अल्मोड़ा की ओर जा रहा ट्रक असंतुलित होकर हाईवे किनारे पलट गया। दुर्घटना में चालक मामूली रूप से चोटिल हो गया। गनीमत रही की बड़ा हादसा टल गया। खैरना पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर जाकर दुर्घटनाओं की जानकारी जुटाई।
