🔳 घटना से क्षेत्र में मचा हड़कंप, स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल
🔳 पीलीभीत से काम की तलाश में बेतालघाट पहुंचा था परिवार
🔳 पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट क्षेत्र में राजमिस्त्री के काम को पहुंचे पीलीभीत निवासी श्रमिक की बेटी की झूला झूलते समय फंदा लगने से मौत हो गई। घटना से स्वजनों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस ने शव का पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है।
बेतालघाट क्षेत्र से हृदयविदारक घटना सामने आई है। पीलीभीत, उत्तर प्रदेश निवासी मृणाल हलदर अपनी पत्नी व आठ वर्षीय बेटी शिवांगी को लेकर एक महीने पहले काम के सिलसिले में बेतालघाट पहुंचा। ब्लाक मुख्यालय के समीप ही उसे काम भी मिल गया। बीते रोज पति-पत्नी काम पर चले गए। शिवांगी घर पर बच्चों के झूलने को साड़ी से बनाए झूले पर झूलने लगी। एकाएक झूले में लगी साड़ी शिवांगी के गले में कसती चली गई। दंपती ने घर लौटकर जब बेटी को बेसुध देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन फानन में स्थानीय लोगों की मदद से शिवांगी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट पहुंचाया गया पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। थानाअध्यक्ष बेतालघाट अनीस अहमद के अनुसार शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया है।
