🔳 ग्रामीणों का पारा चढ़ा तो मशीन छोड़ मौके से भागा मशीन चालक
🔳 उच्च न्यायालय ने नदियों में मशीन से खदान लगाई है रोक
🔳 तस्कर रात को मशीन उतार पुलिस प्रशासन को दे रहे चुनौती
🔳ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई व निगरानी बढ़ाने की मांग
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अवैध खनन के लिए कुख्यात कोसी घाटी क्षेत्र में खनन तस्कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं। तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं की उच्च न्यायालय से रोक के बावजूद खनन माफिया कोसी नदी में लोडर मशीन उतार दे रहे हैं। बढेरी क्षेत्र में रात के समय अवैध खनन को उतरी लोडर मशीन को ग्रामीणों ने रोक दिया। ग्रामीणों का पारा चढ़ा देख मशीन चालक मौका देख फरार हो गया। हालांकि रातोंरात मशीन भी नदी से हटा ली गई। ग्रामीणों ने मशीन से खदान करने वालों तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग के ठिक नीचे बहने वाली कोसी नदी में खनन तस्करों के हौंसले बुलंद हो गए है। बीती रात माफियाओं ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे नदी क्षेत्र में मशीन उतार दी। नदी में मशीन की आवाज सुन समीपवर्ती बढेरी गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने नदी क्षेत्र में पहुंचकर मशीन रुकवा दिया। चालक को भी खूब खरी खोटी सुनाई। ग्रामीणों का गुस्सा देख चालक मशीन छोड़ मौके से फरार हो गया हालांकि मध्य रात्रि खनन तस्कर मशीन को चोर रास्ते से ले गए। स्थानीय चंदन सिंह, पान सिंह, पूरन सिंह, दीवान सिंह, कुंदन सिंह, पंकज सिंह, रुपा देवी, दुर्गा देवी, विमला देवी, नीमा देवी, तारा देवी, उमा देवी आदि ने आरोप लगाया की न्यायालय से प्रतिबंध होने के बावजूद नदी में मशीन उतारकर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। ग्रामीणों ने खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर मिलीभगत का आरोप लगाया। दो टूक चेतावनी दी की यदि मामले में कार्रवाई कर अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो फिर मुख्य सड़क पर धरना प्रदर्शन कर आवाजाही ठप कर दी जाएगी। एसडीएम तुषार सैनी के अनुसार अवैध खनन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पता करेंगे किसके इशारे पर मशीन नदी क्षेत्र में खदान को पहुंची। कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।
