🔳 तड़के चार बजे रामगाढ़ क्षेत्र में हुई दुर्घटना से मचा हड़कंप
🔳 बिंदुखत्ता से शादी समारोह में शामिल होकर बेरीनाग लौट रहे थे कार सवार
🔳 दुर्घटना में पति-पत्नी व बेटा गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर
🔳 स्थानीय व्यापारियों व नेपाली मूल के श्रमिकों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
🔳 सूचना के बाद भी आपातकालीन 108 सेवा के घटनास्थल पर न पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने जताई नाराजगी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर तड़के करीब चार बजे के आसपास हल्द्वानी से बेरीनाग जा रही कार असंतुलित होकर शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरी। स्थानीय व्यापारी का परिवार लोगों की चीख पुकार की आवाज सुन नदी क्षेत्र में पहुंचे। सभी कार सवारों को पीठ पर लादकर हाईवे तक पहुंचाकर निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पति पत्नी व सात वर्षीय बालक को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। सूचना के एक घंटे बाद भी 108 सेवा के घटनाक्रम पर न पहुंचने पर व्यापारियों ने रोष जताया।
बांस पठान गांव बेरीनाग (पिथौरागढ़) निवासी विक्की सिंह बिंदुखंता क्षेत्र में विवाह समारोह में शामिल होकर बीती रात ही पत्नी व दो बेटियों तथा बेटे को लेकर कार यूके 05 ई 1335 से अपने गांव की ओर रवाना हुए। रविवार तड़के करीब चार बजे के आसपास सभी हाईवे पर रामगाढ क्षेत्र में पहुंचे ही थे की एकाएक विक्की कार पर संतुलन खो बैठे नतीजतन कार असंतुलित होकर हाईवे से करीब दो सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी की ओर पलटती चली गई। होटल व्यवसाई रघुराज सिंह बर्गली ने चीख पुकार की आवाज सुनी तो भाई गोधन सिंह व संजय सिंह को लेकर तत्काल घटना स्थल की ओर रवाना हो गए। खैरना पुलिस व आपातकालीन 108 सेवा को भी सूचना दी गई। समीप ही रह रहे नेपाली मूल के श्रमिक भी घायलों की मदद को दौड़े। कार के अंदर फंसे विक्की सिंह उनकी पत्नी सीता, बेटी मानवी व प्रियंका तथा बेटे शिवराज को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस खैरना की टीम भी मौके पर पहुंच गई। व्यापारियों व श्रमिकों ने घायलों को पीठ पर लादकर हाईवे तक पहुंचाया। सूचना के बाद भी आपातकालीन 108 सेवा के न पहुंचने पर पिकअप वाहन की मदद से सभी घायलों को सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद विक्की, उनकी पत्नी सीता व बेटे शिवराज को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायलों के स्वजनों को भी सूचना भेज दी है। व्यापारियों ने आपातकालीन 108 सेवा के घटनास्थल पर न पहुंचने पर रोष जताया। आरोप लगाया की 108 सेवा प्रबंधन लापरवाही पर आमादा हो चुका है। इस दौरान चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, दर्शन चौधरी आदि मौजूद रहे।
