🔳 श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख
🔳 एसडीएम ने दी अव्यवस्था बर्दाश्त न करने की चेतावनी
🔳 गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में पैदल आवाजाही बनी मुसीबत
🔳 स्कूली नौनिहालों की जिंदगी पर भी बढ़ता जा रहा खतरा
🔳 अतिक्रमण से जान हथेली पर रख हाईवे पर आवाजाही बनी मजबूरी
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में दुकानों का सामना हाईवे तक फैलाकर व बोर्ड रखकर आवाजाही प्रभावित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है। प्रशासन की विशेष टीम बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण करने वालों का सामना जब्त करेगी। एसडीएम तुषार सैनी के अनुसार अतिक्रमणकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में पैदल आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। जगह जगह दुकानों का सामना फैलाने तथा बोर्ड आदि रखे जाने से स्कूली बच्चों व राहगीरों को जान जोखिम में डाल तेज रफ्तार वाहनों के बीच हाईवे पर आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूर्व में कई लोग हाईवे पर दौड़ रहे वाहनों की चपेट में आकर घायल तक हो चुके हैं। स्कूली बच्चों की जिंदगी पर सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। नौनिहालों को बाजार क्षेत्र में पैदल आवाजाही को रत्तीभर जगह न मिल पाने से अभिभावक भी परेशान हैं ऐसे में अभिभावक कड़ी निगरानी में बच्चों को स्कूल छोड़ने व लाने पहुंच रहे हैं। लगातार मामला उठने को बाद अब श्री कैंची धाम तहसील के उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने मामले को गंभीरता से ले लिया है। जल्द ही प्रशासन की विशेष टीम बाजार क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाएगी। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। एसडीएम तुषार सैनी के अनुसार छापेमारी अभियान के अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साफ कहा की व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
