🔳 सड़क के बीचोंबीच आने से कार चालक ने खोया नियंत्रण
🔳 गनीमत रही टल गया बड़ा हादसा, चालक ने रोक ली कार
🔳 कार के एक हिस्से से टकराने के बाद जंगल की ओर भागा गुलदार
🔳 क्षेत्रवासियों ने गुलदार की आवाजाही रोकने को ठोस उपाय किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
समीपवर्ती भुजान क्षेत्र में गुलदार के खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर धमकने से हड़कंप मच गया। गुलदार के एकाएक सामने आने से एक कार चालक संतुलन खो बैठा। गनीमत रही की कार चालक के समय रहते वाहन रोक लिया। कार से टकराने के बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
गांवो में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। गांवों में दहशत फैलाने के बाद अब गुलदार मोटर मार्गो की ओर रुख करने लगे हैं। शनिवार को खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर भुजान क्षेत्र में गुलदार एकाएक सड़क के बीचोंबीच आ गया। गुलदार के दिखने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गुलदार के एकाएक सामने से आने से कार यूके 04 एई 1809 का चालक हड़बड़ा गया। गनीमत रही की चालक ने सूझबूझ का परिचय दे कार रोक ली और बड़ा हादसा टल गया। कार रुकने के बाद गुलदार कार के एक हिस्से से टकरा जंगल की ओर भाग गया। गुलदार के स्टेट हाईवे तक पहुंचने से क्षेत्र के लोग भी सख्ते में आ गए है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में बड़ी अनहोनी का अंदेशा जताया है। भाजपा मंडल महामंत्री सुनील मेहरा ने वन विभाग से गुलदार की आवाजाही रोकने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।




