🔳 जीआइसी ढोकाने में पटरी से उतरी शिक्षा व्यवस्था
🔳अभिभावकों के माथे पर गहरी हुई चिंता की लकीरें
🔳 शिक्षा विभाग की अनदेखी से चढ़ने लगा है पारा
🔳 जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज उठाई प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे रामगढ़ ब्लॉक के ढोकाने स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में छह महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त पड़े होने से विद्यालय में अध्ययनरत 320 विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट मंडरा गया है। रिक्त पदों पर प्रवक्ताओं की तैनाती न होने से पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों व क्षेत्रवासियों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज रिक्त पदों पर जल्द तैनाती की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की जल्द प्रवक्ताओं की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज ढोकाने में विद्यार्थियों को गणित विषय भारी पड़ने लगा है। जबकि भूगोल भी गोल हो गई है‌। विद्यार्थी जीव विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, समाज शास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए भी प्रवक्ताओं का इंतजार कर रहे हैं। महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त पड़े होने से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं का डर भी सताने लगा है। प्रवक्ताओं की कमी से विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी नहीं कर पा रहे हैं। विद्यार्थियों के भविष्य पर मंडरा रहे संकट से अभिभावकों के माथे पर भी चिंता की लकीरें गहरी हो गई है। कई बार रिक्त पदों पर प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग भी उठाई जा चुकी है बावजूद सुध न लिए जाने से पंचायत प्रतिनिधियों, क्षेत्रवासियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों का पारा भी चढ़ने लगा है। आरोप लगाया की विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा बावजूद शिक्षा विभाग अनदेखी पर आमादा है। बोर्ड परीक्षाओं के करीब होने के बावजूद प्रवक्ताओं की कमी है जिससे परिणाम खराब होने का अंदेशा भी है। शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष तरुण कांडपाल, मनोज कुमार दानी, राजेंद्र सिंह, बालमुकुंद सिंह, कुबेर सिंह जीना आदि ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज जल्द रिक्त पदों पर प्रवक्ताओं की तैनाती किए जाने की मांग उठाई है‌

error: Content is protected !!