🔳 पीआरडी जवानों के बेतालघाट ईकाई के सदस्यों ने मदद को बढ़ाए हाथ
🔳 भविष्य में भी हर संभव मदद का दिलाया भरोसा
🔳 लोहाली – चमड़ियां मोटर मार्ग पर हुए हादसे में घायल हुआ था जवान
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर डंपर हादसे में घायल पीआरडी जवान की मदद को तहसील प्रशासन के आगे आने के बाद अब पीआरडी जवानों ने भी कदम आगे बढ़ा दिए हैं। जवानों ने आपसी सहयोग से बीस हजार रुपये की धनराशि एकत्र कर घायल जवान व उसके परिवार को सौंपी। पीआरडी जवानों के बेतालघाट ईकाई के संगठन ने घायल के परिवार को भविष्य में भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
श्री कैंची धाम तहसील में तैनात पीआरडी जवान गोधन सिंह बीते माह घर लौटते समय लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर डंपर दुर्घटनाग्रस्त होने से गंभीर रुप से घायल हो गए। सीएचसी गरमपानी में प्राथमिक उपचार के बाद गोधन सिंह को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया। स्वजनों ने निजी अस्पताल में घायल का प्राथमिक उपचार करवाया। घायल की मदद को तब श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने चौदह हजार रुपये की धनराशि एकत्र कर जवान के उपचार को हल्द्वानी भिजवाई। शुक्रवार को पीआरडी जवानों के बेतालघाट ईकाई के सदस्यों ने बीस हजार रुपये की सहायता धनराशि एकत्र कर घायल जवान व उसकी पत्नी को सौंपी। घायल के घर पहुंचे पीआरडी जवान आंनद बल्लभ शास्त्री व मान सिंह ने स्वजनों को भविष्य में भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।




