🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उठाई पुरजोर मांग
🔳 मुख्यमंत्री को भेजा हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन
🔳 मोटर मार्ग से पर्यटकों, यात्रियों व आसपास के गांवों के सैकड़ों परिवारों को लाभ मिलने का किया दावा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में आवाजाही आए दिन प्रभावित होने से अब खूंट काकड़ीघाट मोटर मार्ग को नैनीपुल क्षेत्र से जोड़ने की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने मोटर मार्ग निर्माण होने से हाईवे का बेहतर विकल्प भी तैयार होने का दावा किया है। ग्रामीणों के अनुसार यदि मोटर मार्ग निर्माण किया जाता है तो तमाम गांवों के सैकड़ों परिवारों को भी लाभ मिल सकेगा।
क्वारब में कुमाऊं की लाइफ लाइन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के अस्तित्व पर संकट गहराने से अब हाईवे के विकल्प के तौर पर खूंट काकड़ीघाट मोटर मार्ग पर सरना से डटवालगांव होते हुए नैनीपुल क्षेत्र को जोड़ने की आवाज बुलंद होने लगी है। विभिन्न गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेज हाईवे के विकल्प के तौर पर मोटर मार्ग का निर्माण करवाए जाने की मांग उठाई है। सीएम को भेजें ज्ञापन के माध्यम से बताया है की खूंट काकड़ीघाट मोटर मार्ग पर सरना डटवालगांव होते हुए नैनीपुल तक मोटर मार्ग के अस्तित्व में आने से पर्यटक व यात्री महज दो किमी की दूरी तय कर आसानी से चौसली होते हुए अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तक पहुंच सकते हैं जबकि वर्तमान में काकड़ीघाट से तीस किमी से भी ज्यादा दूरी तय कर चौसली पहुंचना पड़ा रहा। मोटर मार्ग निर्माण होने से जहां हाईवे का बेहतर विकल्प तैयार होगा वहीं आसपास के तमाम गांवों के लोगों को भी लाभ मिल सकेगा। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने सीएम से जल्द वैकल्पिक मोटर मार्ग निर्माण करवाए जाने पर जोर दिया है। ज्ञापन में निवर्तमान ग्राम प्रधान सुनीता देवी, सैंज ममता पाठक, धरम सिंह बिष्ट, कुबेर सिंह जीना, चंदन सिंह, राजेंद्र सिंह बिष्ट,बालम सिंह, शंकर राम, नंदन सिंह, कमल, रेखा देवी, महेंद्र सिंह जीना, नवीन लाल, पूरन लाल, तारा दत्त पाठक, राजेंद्र सिंह, जीवंती देवी, हेमा देवी आदि मौजूद रहीं।




