🔳 प्राथमिक उपचार के बाद किया गया हायर सेंटर रेफर
🔳 एसडीआरएफ व खैरना पुलिस की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
🔳 घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप, घटनास्थल पर लगा ग्रामीणों का जमावड़ा
🔳 लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर गैरखोली तोक की घटना
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
लोहाली – चमड़ियां मोटर मार्ग पर डंपर असंतुलित होकर दो सौ मीटर नीचे खाई की ओर जा गिरा। दुर्घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ छड़ा ईकाई व खैरना पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। चालक समेत तीन लोगों को बामुश्किल खाई से निकाल मोटर मार्ग तक पहुंचाया गया। निजी वाहनों की मदद से घायलों को सीएचसी गरमपानी भेजा गया।
मंगलवार शाम डंपर चालक लोहाली निवासी खीम सिंह यूके 04 सीए 8614 लेकर खैरना बाजार क्षेत्र से गांव की ओर रवाना हुआ। रास्ते से सुंदर कुमार व पीआरडी जवान गोधन सिंह भी वाहन में सवार हो गए। चालक खीम सिंह अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर गैरखोली तोक के समीप पहुंचा ही था की एकाएक वह वाहन पर संतुलन खो बैठा नतीजतन वाहन असंतुलित होकर मोटर मार्ग से करीब दो सौ मीटर नीचे खाई की ओर पलटता चला गया। वाहन की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना पर एसडीआरएफ व खैरना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। घुप्प अंधेरा व तीखी चट्टान होने से रेस्क्यू अभियान में दिक्कत आई। बामुश्किल चालक समेत तीन लोगों को खाई से निकाल सड़क तक पहुंचा निजी वाहन से गरमपानी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। पीआरडी जवान गोधन सिंह को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। रेस्क्यू अभियान में एसआई सुनील गोस्वामी, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, एसडीआरएफ के नवीन कुमार, प्रेम सिंह, गणेश मेहरा, जगमोहन मेहरा, जीवन सिंह सोनू कुमार आदि रहे।




