🔳 पुल के नीचे सुरक्षा कार्यों की बुनियाद हुई खोखली
🔳 8 करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है सेतु
🔳 क्षेत्रवासियों ने भविष्य में पुल को नुकसान का जताया अंदेशा, मजबूत कार्यों पर दिया जोर
🔳 सहायक अभियंता बोले – जल्द होगा निरीक्षण, उठाए जाएंगे ठोस कदम
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में कोसी नदी पर बनी महत्वपूर्ण पुल पर खतरा मंडरा गया है। बरसात में उफान में आई कोसी नदी ने पुल की सुरक्षा को बने बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों की बुनियाद खोखली कर दी है। सुरक्षा कार्यों को नुकसान पहुंचने से भविष्य में पुल को नुकसान होने का अंदेशा पैदा हो गया है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार जल्द निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाएंगे।
खैरना क्षेत्र में बनी ब्रितानी दौर की रानीखेत पुल को लंबा समय बीतने के बाद सरकार ने कोसी नदी पर नए पुल के निर्माण के लिए आठ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की। बजट मिलने के बाद एनएच प्रशासन ने तेजी से कार्य कर तय समय पर पुल का निर्माण भी कर दिया। पुल का निर्माण होने से आवाजाही सुरक्षित व सुगम हो गई। नए पुल के अस्तित्व में आने के बाद ब्रितानी दौर के सेतू पर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई। बीते दिनों बरसात में कोसी नदी के उफान पर आने से नए पुल की बुनियाद के नजदीक बनाए गए सुरक्षा कार्यों को नुकसान पहुंच गया है। सुरक्षा कार्यों की बुनियाद को कोसी नदी के उफान ने खोखला कर डाला है। महत्वपूर्ण सेतु के सुरक्षा को बनाए गए बाढ़ सुरक्षा कार्यों की बुनियाद खोखली होने से भविष्य में पुल के अस्तित्व पर खतरा बढ़ने का अंदेशा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र नेगी के अनुसार बारिश होने पर कोसी नदी हमेशा उफान पर रहती है। ऐसे में पुल की बुनियाद के नजदीक बनाए गए बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य के खोखले होने से भविष्य में नुकसान की आशंका है। व्यापारी नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट, फिरोज अहमद, मनीष तिवारी, पंकज नेगी, हरीश चंद्र, कुबेर सिंह जीना, विनोद मेहरा, गोविन्द सिंह नेगी आदि लोगों बुनियाद के समीप मजबूत बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने की मांग उठाई है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार जल्द निरीक्षण किया जाएगा। यदि सुरक्षा कार्यों को नुकसान हुआ है तो उनकी सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाएंगे। लापरवाही नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *