🔳 छह घंटे तक महत्वपूर्ण हाइवे पर ठप रही आवाजाही
🔳 जहां तहां फंसे यात्री वाहन, लगी रही वाहनों की कतार
🔳 वाया रानीखेत अल्मोड़ा की दूरी नापने को मजबूर हुए वाहन चालक
🔳 जेसीबी मशीन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद हटाया जा सका भारी मलबा
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर क्वारब पुल के समीप पहाड़ी पर भूस्खलन से भारी मलबा आने से आवाजाही ठप हो गई। एकाएक आवाजाही थमने से हाइवे पर वाहनों की कतार लग गई।यात्री वाहन जहां तहां फंस गए। जेसीबी मशीनों की मदद से बामुश्किल मलबा हटाए जाने के बावजूद करीब छह घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। क्वारब पुलिस की टीम मौके पर डटी रही।
रविवार को नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब क्षेत्र में एकाएक पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी से हुए भूस्खलन से भारी मलबा हाइवे के बीचोंबीच तक पहुंच गया। गनीमत रही की कोई यात्री वाहन मलबे की चपेट में नही आया और बड़ा हादसा टल गया। भूस्खलन से गिरे मलबे ने हाइवे पर रफ्तार भी रोक दी। आवाजाही कर रहे सैकड़ों वाहन जहां तहां फंस गए। छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कुछ वाहन चालक क्वारब से ही वापस लौट गए तो कई लोगों ने खैरना से वाया रानीखेत होते हुए गंतव्य की दूरी तय की। सूचना पर चौकी प्रभारी गोविदी टम्टा मय टीम मौके पर पहुंची। एनएच प्रशासन को सूचना दे जेसीबी मशीन बुलवाई गई। रुक रुक कर पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने से कई बार मलबा हटाने का कार्य प्रभावित हुआ। बामुश्किल छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाने के कार्य में सफलता मिल सकी। यातायात सुचारु होने के बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *