🔳 चालक के समय रहते वाहन रोकने से टल गया बड़ा हादसा
🔳 एकाएक भारी भरकम पत्थर के गिरने से हाइवे पर अफरा तफरी
🔳 आवाजाही कर रहे वाहन चालकों ने भी सुरक्षित स्थानों पर रोक लिए वाहन
🔳 घंटों तक पत्थर के हाइवे पर पड़े होने से मंडराता रहा खतरा
{{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे विशालकाय पत्थर की चपेट में आने से यात्री वाहन बाल बाल बच गया। गनीमत रही की चालक ने वाहन रोक लिया और बड़ा हादसा टल गया। पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थर से दिन भर लोग खतरे के बीच जान जोखिम में डाल आवाजाही करते रहे।
हाइवे पर स्थित थुआ की पहाड़ी से जगह जगह जोखिम बढ़ता ही जा रहा है। पाडली, दो पाखी, भोर्याबैड, लोहाली क्षेत्र में हालात विकट है। पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर कई लोगों की जिंदगी तक खत्म हो चुकी है। गुरुवार को रामगाढ़ क्षेत्र में एक हाइवे से सटी थुआ की पहाड़ी से विशालकाय पत्थर जोरदार आवाज के साथ हाइवे पर आ गिरा। हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहा टैक्सी वाहन पत्थर की चपेट में आने से बाल बाल बच गया। वाहन चालक ने सूझबूझ का परिचय दे वाहन रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि वाहन चालक समय रहते वाहन नहीं रोकता तो निश्चित रुप से पत्थर यात्री वाहन को चपेट में ले लेता। एकाएक पत्थर के हाइवे के बीचोंबीच तक पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। हाइवे पर यातायात भी प्रभावित हो गया। वाहन चालकों ने वाहन सुरक्षित स्थानों पर रोक लिए। कुछ देर बाद चालकों ने वाहन आगे बढ़ाएं। खतरे के बीच दिन भर वाहन चालक व यात्री आवाजाही करते रहे। विशालकाय पत्थर के घंटों तक हाईवे के बीचोंबीच पड़े रहने से दुर्घटना का खतरा बना रहा।