🔳 आए दिन समस्या से परेशान हो रहे नौनिहाल व शिक्षक
🔳 कोसी पंपिंग पेयजल योजना से होती है विद्यालय को आपूर्ति
🔳 विद्यालय में साढ़े चार सौ से ज्यादा नौनिहाल है अध्यनरत
🔳 जल संस्थान के सहायक अभियंता बोले – वोल्टेज बढ़ने से आपूर्ति हुई प्रभावित
🔳 जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने का किया दावा
{{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}}

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में पेयजल संकट बड़ी समस्या बन गया है। आए दिन नौनिहाल व शिक्षक बूंद बूंद पानी को तरस जा रहे हैं बावजूद जल संस्थान व्यवस्था दुरुस्त करने को ठोस कदम नही उठा रहा। अब एक बार फिर विद्यालय परिसर में पेयजल आपूर्ति ठप हो जाने से हाहाकार मच गया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी ) को कोसी पंपिंग पेयजल योजना के जरिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। लंबे समय से योजना में आए दिन दिक्कत होने से विद्यालय में पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है। आपूर्ति प्रभावित होने से विद्यालय में अध्ययनरत साढ़े चार सौ से अधिक नौनिहालों व शिक्षकों तथा उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बीते मंगलवार सुबह एक बार फिर आपूर्ति ठप हो जाने से परेशानी बढ़ गई है। विद्यालय के प्राचार्य पीसी उपाध्याय के अनुसार जल संस्थान के अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बावजूद चौबीस घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी योजना में कोई कार्य शुरु नहीं हो सका है जबकि विद्यालय परिसर में पेयजल संकट बढ़ गया है। प्राचार्य के अनुसार आए दिन समस्या होने के बाद भी स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलिप सिंह बिष्ट के अनुसार वोल्टेज बढ़ने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।