🔳 एक घंटे तक आवाजाही कर रहे यात्रियों ने झेली फजीहत
🔳 कार व ट्रक के आमने सामने आने से बनी जाम की स्थिति
🔳 यात्रियों के चालकों को समझाने के बाद बामुश्किल सुचारु हुआ यातायात
🔳 बेतरतीब फैली निर्माण सामग्री से भी अव्यवस्था
{{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में जाम से वाहनों की रफ्तार थम गई। घंटे भर तक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्व में यातायात व्यवस्था सुधरने के बाद अब एक बार फिर अव्यवस्था से जाम आम हो गया है। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
हाइवे पर अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में रविवार को सुबह से जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर में ट्रक व कार के आमने सामने आने से वाहनों की रफ्तार थम गई। हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पहाड़ से तराई तथा तराई से पहाड़ जा रहे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आमने सामने फंसे ट्रक व कार चालक की वाहनों को पीछे करने को लेकर बहस शुरु हो गई। जाम में फंसे लोगों ने दोनों वाहन चालकों को समझाया। कार चालक के वाहन पीछे किए जाने के बाद बामुश्किल करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। आवाजाही सुचारु होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। व्यापारी नेता विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया की दोपांखी क्षेत्र में निर्माण सामग्री के बेतरतीब ढंग से फैलाए जाने से भी जाम की स्थिति बन जा रही है। गजेंद्र सिंह नेगी, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, राकेश जलाल, विनोद मेहरा, गोविन्द सिंह नेगी आदि यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की पुरजोर मांग उठाई है।