🔳 आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों बाबा भक्तों ने ग्रहण किया भंडारे का प्रसाद
🔳 देवाधिदेव महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ समूचा क्षेत्र
🔳 विशेष मंत्रोच्चार के साथ गांवों की सुख, शांति व समृद्धि को हुई प्रार्थना
🔳 भजन मंडली की शानदार प्रस्तुति पर थिरके श्रद्धालु
{{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}}
जीवनदायिनी कोसी व पवित्र शिप्रा नदी के तट पर स्थित सोमवारी आश्रम, गुफा महादेव में हवन पूर्णाहुति व महाआरती के बाद लगे भंडारे के साथ संगीतमय शिवमहापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का पारायण हो गया। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों बाबा भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। देवाधिदेव महादेव के जयकारों से समूचा माहौल शिवमय हो उठा।
शनिवार को खैरना स्थित सोमवारी आश्रम में सुबह धर्माचार्यों ने यजमानों से विधि विधान से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। कथा व्यास ने कथा पाठ किया। दोपहर में विशेष मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूर्णाहुति व महाआरती के बाद भंडारा लगा। आसपास के मझेडा, डोबा, सूरीफार्म, गरमपानी, छड़ा, लोहाली, बारगल, कफूल्टा, गरजोली, धनियाकोट आदि तमाम गांवों से पहुंचे सैकड़ों भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। भजन मंडली ने शानदार भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। विशेष मंत्रोच्चार के साथ गांवों की सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की गई। देर शाम तक भजन कीर्तनों का दौर जारी रहा। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से समूची कोसी घाटी गुंजायमान हो उठी। आयोजन समिति सदस्य दिनभर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।




