🔳पाडली से निगलाट तक लगी रही छोटे-बड़े वाहनों की कतार
🔳दो घंटे से भी अधिक समय तक हाइवे पर रेंगते रहे वाहन
🔳कैंची पुलिस की टीम ने संभाला मोर्चा बामुश्किल व्यवस्था हुई दुरुस्त
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर कैंची बाजार क्षेत्र में पहाड़ से हल्द्वानी की ओर जा रहे ट्रक में तकनीकी खराबी आने से यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। वाहनों का दबाव बढ़ने व ट्रक के खराब होने से हाइवे पर जाम की स्थिति बनी रही। कई किलोमीटर तक छोटे बड़े वाहन रेंगते रहे। कैंची पुलिस की टीम ने बामुश्किल यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई।
रविवार सुबह सात बजे के आसपास पहाड़ से हल्द्वानी की ओर जा रहा ट्रक कैंची बाजार क्षेत्र में पहुंचा ही था की एकाएक वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। हाइवे पर ट्रक के खड़े हो जाने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी कैंची कृष्णा गिरी व महेंद्र पाल यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुट गए पर वाहनों का दबाव बढ़ने से हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई। कैंची से निगलाट तथा दूसरी ओर पाडली व रातीघाट तक छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। पुलिस टीम ने बामुश्किल एक एक कर वाहनों को आगे बढ़ाया। पाडली से भवाली पहुंचने में ही यात्रियों को डेढ़ घंटे का समय लग गया जबकि अमूमन यह सफर आधे घंटे में तय कर लिया जाता है। मैकेनिक के ट्रक को ठिक किए जाने तथा ट्रक के बाजार से हटने के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हो सका। यातायात सुगम होने के बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।




