🔳मुख्य बाजार क्षेत्र में हुई घटना से अफरा तफरी
🔳स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए पहुंचाया अस्पताल
🔳युवक के हाथ,सिर व पैर में पहुंची गंभीर चोट
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में कार की टक्कर से युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को लहुलुहान हालत में उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल को हाथ, सिर व पैर में गंभीर चोट पहुंची है।
सोमवार को इंदिरा नगर, हल्द्वानी निवासी नाजिम अली हल्द्वानी से बस में सवार होकर खैरना बाजार क्षेत्र पहुंचा। जहां से उसे समीपवर्ती लोहाली क्षेत्र में पहुंचना था। नाजिम अली बस से उतरकर रोड पार कर ही रहा था कि तभी एकाएक हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रही कार ने उसे चपेट में ले लिया। कार की टक्कर से नाजिम हाईवे पर गिर गया। एकाएक हुई घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। स्थानीय व्यापारी नाजिम को घायल हालत में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने नाजिम का प्राथमिक उपचार किया चिकित्सकों के अनुसार नाजिम के सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोट पहुंची है। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना नाजिम के स्वजनों को भी भेज दी है।




