🔳जान जोखिम में डाल आवाजाही कर रहे सिमराड़ गांव के बाशिंदे
🔳सुप्रसिद्ध ढोकाने वाटर फॉल तक भी इसी मार्ग से पहुंचते हैं पर्यटक
🔳बीस वर्ष से सुधारीकरण का है इंतजार
🔳पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मार्ग की मरम्मत की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
मां भारती की आन, बान, शान को अपना सर्वोच्च न्यौछावर कर देने वाले बलिदानी सपूत के नाम से बनी सड़क अपना अस्तित्व बचाने को ही जूझ रही है। सुप्रसिद्ध ढोकाने वाटर फॉल व वीर जांबाज शहीद मनोज भंडारी के सिमराड़ गांव को जोड़ने वाली सड़क बदहाली पर आंसू बहा रही है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। पर्यटक व शहीद के गांव के लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं।
रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड़ गांव के करीब चालीस से ज्यादा परिवार शहीद मनोज भंडारी के नाम से बनी सड़क पर जान हथेली पर आवाजाही को मजबूर हैं। यही नहीं सुप्रसिद्ध ढोकाने वाटर फॉल पर भी पर्यटक खस्ताहाल हो चुकी सड़क पर आवाजाही कर रहे हैं। खस्ताहाल सड़क पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है बावजूद सुध नहीं ली जा रही जबकि सड़क का निर्माण हुए लगभग बीस वर्ष का लंबा समय बीत चुका है। सिमराड़ गांव निवासी वीर जांबाज शहीद मनोज भंडारी की याद में बनी सड़क की दुर्दशा से क्षेत्रवासियों में भी गहरी नाराजगी है। शहीद मनोज के गांव के लोग बदहाल सड़क पर आवाजाही को मजबूर हैं पर तंत्र सुध लेने को तैयार नहीं है। सड़क की हालत ठिक न होने से सुप्रसिद्ध ढोकाने वाटर फॉल पहुंचने वाले पर्यटक भी इस रोड पर आवाजाही से कतराने लगे हैं जिस कारण दिनों दिन पर्यटकों की संख्या में कमी आने लगी है। ग्राम प्रधान रविन्द्र आर्या, खीम सिंह, भंडारी, दीवान सिंह, मोहन सिंह, गौरव भंडारी, इंद्र सिंह, दान सिंह, कुबेर सिंह जीना आदि ने शहीद के नाम से बनी सड़क को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।




