🔳कैंची क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले पुलिस के रडार पर
🔳बेतरतीब ढंग से वाहन पार्क होने से जाम बन रही बड़ी समस्या
🔳मंदिर आवाजाही करने वाले श्रद्धालु भी हो रहे परेशान
🔳समुचित पार्किंग उपलब्ध होने के बावजूद नो-पार्किंग जोन में पार्क हो रहे वाहन

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। बाजार क्षेत्र में समुचित पार्किंग उपलब्ध होने के बावजूद वाहनों को नो-पार्किंग जोन में पार्क करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। चौकी प्रभारी कृष्णा गिरी के अनुसार व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर शिंकजा कसा जाएगा।

हाइवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में रोजाना देश विदेश से हजारों श्रद्धालु बाबा नीम करौरी के दर पर मत्था टेकने पहुंचते हैं। भक्तो का सैलाब उमड़ने से मंदिर प्रशासन व पुलिस को व्यवस्था चाक चौबंद रखने को खूब पसीना बहाना पड़ता है। ऐसे में कुछ लोग व्यवस्था से खिलवाड़ करने से भी बाज नहीं आ रहे। वाहनों को हाइवे पर नो पार्किंग जोन में पार्क कर दे रहे हैं जिससे हाइवे पर जाम की स्थिति पैदा हो जा रही है। वहीं श्रद्धालुओं को भी आवाजाही में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नियमो से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसने को अब कैंची पुलिस की टीम ने सख्त रुख अपना लिया है। चौकी प्रभारी कैंची कृष्णा गिरी के अनुसार क्षेत्र में समुचित पार्किंग उपलब्ध होने के बावजूद बाजार क्षेत्र में बनाए गए नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों को चिह्नित किया जाएगा। वाहन सीज कर कानून कार्रवाई भी होगी। साफ कहा की व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

error: Content is protected !!