🔳सीम गांव के गौरव ने कोसी घाटी को किया गौरवान्वित
🔳प्रदेश की वरीयता सूची में पाया तेरहवां स्थान
🔳मेधावी की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल
🔳माता, पिता, गुरुजनों व हैप्पी चिल्ड्रेन लाइब्रेरी को दिया सफलता का श्रेय
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के सीम गांव निवासी गौरव ने कोसी घाटी को गौरवान्वित किया है। इंटरमिडिएट बोर्ड परीक्षा में गौरव ने शानदार अंकों के साथ प्रदेश की वरीयता सूची में जगह बनाई है। गौरव की सफलता से कोसी घाटी में खुशी का माहौल है। मेधावी गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता, गुरुजनों के साथ ही गांव में स्थित हैप्पी चिल्ड्रेन लाइब्रेरी के संचालकों को भी दिया है।
पहाड़ की विकट भगौलिक परिस्थितियों के बावजूद गांव के नौनिहाल शिक्षा ग्रहण करने कई किलोमीटर की दूरी ही नहीं नाप रहे बल्कि अपनी सफलता का लोहा भी मनवा रहे हैं। सीम गांव के गौरव ने भी कड़ी मेहनत व रोजाना गांव से दस किमी की दूरी तय कर जीआइसी खैरना पहुंचकर शिक्षा ग्रहण की और सफलता का परचम लहरा दिया। मंगलवार को इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होते ही कोसी घाटी में खुशी की लहर दौड़ गई। सीम गांव निवासी देवेंद्र सिंह व तारा देवी के बेटे गौरव ने 94 फिसदी अंकों के साथ प्रदेश की वरियता सूची में 13वें पायदान पर जगह बनाई है। गौरव ने हिंदी में 99, गणित 96, भौतिक विज्ञान 94, रसायन विज्ञान 98 तथा अंग्रेजी में 83 नंबर पाए हैं। गौरव भविष्य में एनडीए के जरिए देश सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता, पिता, शिक्षक विजय पांडे व गांव में हेप्पी चिल्ड्रेन लाइब्रेरी का संचालन करने वाले अतुल साह व जया साह को दिया है। गौरव की सफलता पर पंचायत प्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है।




