🔳कूड़ेदान तक कूड़ा ही नहीं पहुंचा पा रहे क्षेत्रवासी
🔳कूड़ेदान के बाहर एनएच प्रशासन ने लगाया क्रश बैरियर
🔳ग्राम प्रधान ने एनएच की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
🔳जल्द क्रैश बैरियर हटाए जाने की उठाई पुरजोर मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर नैनीपुल क्षेत्र के समीप कूड़ा निस्तारण को बनाए गए कूडादान के बाहर क्रश बैरियर लगा दिए जाने से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान इंदु जीना ने एनएच विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की अधिकारी मनमाने रवैये पर आमादा है।
दरअसल गांवों में स्वच्छता अभियान के तहत कूड़ा निस्तारण को कूड़ेदान स्थापित किए गए हैं। वहीं नैनीपुल व सिरसा तथा खीनापानी बाजार क्षेत्र में कूड़ा इकट्ठा करने को ग्राम पंचायत ने हजारों रुपये की लागत से जाली नुमा टीन शैड तैयार किया। बाजार क्षेत्र के लोग कूड़ा इकट्ठा कर टीन शैड में डालते तथा ब्लॉक मुख्यालय से पहुंचने वाले कूड़ा वाहन से उसका निस्तारण किया जाता पर अब एनएच विभाग ने कूड़ेदान के बाहर क्रश बैरियर लगाकर कूड़ेदान तक पहुंचने का रास्ता ही रोक दिया है। कूड़ेदान के बाहर क्रश बैरियर लगा दिए जाने से स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। व्यापारी नेता कुबेर सिंह के अनुसार एनएच विभाग के अधिकारी मनमानी पर उतारु हो चुके है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्राम प्रधान इंदु जीना ने सरकारी धनराशि से बनाए गए कूड़ेदान के बाहर क्रश बैरियर लगाने को औचित्यहीन करार दिया है तत्काल क्रश बैरियर हटाकर रास्ता बनाए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर ग्रामीणों को साथ लेकर एनएच विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है।




