🔳सुविधाओं व चिकित्सकों की कमी का खामियाजा उठा रहे पहाड़ के बाशिंदे
🔳बेहतर सेवाओं के लिए मीलों का सफर तय करना बनी मजबूरी
🔳चिकित्सकों की कमी से रेफर सेंटर में तब्दील हो चुके अस्पताल
🔳बेतालघाट ब्लॉक में स्थित सीएचसी, पीएचसी व स्वास्थ्य उपकेंद्र कर रहे हकीकत बयां
🔳महत्वपूर्ण स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद तक वर्षों से खाली
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

चुनाव में नेताओं का एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाना कोई नई बात नहीं है। अपने को आमजन का हितेषी बताने को खूब दांव-पेंच चले जा रहे हैं पर पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर हर ओर खामोशी है। सुविधाओं तथा चिकित्सकों से पहाड़ के अस्पतालों को लैस करने का कोई भी वादा करने की कोई भी माननीय हिम्मत नहीं जुटा पा रहा। पहाड़ में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं का दंश बस और बस पहाड़ के बाशिंदे झेल रहे हैं। बेतालघाट ब्लॉक में स्थित दो सीएचसी, पीएचसी व स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थिति हकीकत बयां कर रही है। हालत यह है की हजारों की आबादी के बावजूद महत्वपूर्ण स्त्री रोग विशेषज्ञ समेत कई चिकित्सकों के पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं।
लोकसभा चुनाव की तारिख नजदीक आने के साथ ही वादों की झड़ी लगती जा रही है। विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में बड़े बड़े वादे करने से नहीं चूक रहे पर पहाड़ में बदहाल हो चुकी स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार को आवाज कहीं से भी नहीं उठ रही। नेता चिकित्सकों की तैनाती व सुविधाएं जुटाने के दावे से दूरी बनाए हुए हैं जबकि हालात विकट है। सीएचसी गरमपानी व बेतालघाट पर तमाम गांवों के हजारों बाशिंदे निर्भर है पर वर्षों से एक अदद स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो सकी है। बेतालघाट से गर्भवती महिलाओं तीस किमी की दूरी तय कर अल्ट्रासाउंड कराने को गरमपानी अस्पताल पहुंच रही है। गरमपानी अस्पताल में भी अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ लोगों को नियमित नहीं मिल रहा। अस्पतालों में चिकित्सकों के तमाम पद रिक्त पड़े हैं। सुविधाओं के अभाव में लोग मीलों का सफर तय करने को मजबूर हैं। सीएचसी सुयालबाड़ी में लंबे समय से एक्स रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद आज तक सेवा शुरु नहीं हो सकी है। अस्पताल रेफर सेंटर में तब्दील हो चुके है जिसका खामियाजा गांवों के बाशिंदे भुगत रहे हैं। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के विरेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह नेगी, संजय सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी के अनुसार चुनाव कोई भी जीते पर स्वास्थ्य सुविधाओं व चिकित्सकों की तैनाती को ठोस कदम उठाए जाने चाहिए ताकी गांवों को आबाद कर रहे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूरदराज भटकना न पड़े।

error: Content is protected !!