🔳आग की विकराल लपटों से दहशत में गांव के बाशिंदे
🔳जंगलों से उठते धुएं से कोसी घाटी क्षेत्र में छाई धुंध
🔳मवेशियों की चारा पत्ती जलने से मवेशियों के लिए चारे का संकट
🔳क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति ने उठाई जंगलों को बचाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों से सटे जंगल आग की चपेट में हैं। वन संपदा के साथ ही मवेशियों की चारा पत्ती भी जलकर राख हो जा रही है बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। ब्लॉक के नौघर गांव के मौना तोक से सटे जंगल में धधकी आग ने जंगल का बड़ा हिस्सा जला डाला। सुबह से शाम तक जंगल धूं-धूं कर धधकता रहा।
वनाग्नि जंगलों को तेजी से अपनी चपेट में ले रही है। कोसी घाटी क्षेत्र में जंगलों में धधकती आग से धुंध छाई हुई है वहीं तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने लगी है। आए दिन जंगलों के आग की लपटों से खाक होने से वन संपदा को खासा नुकसान पहुंच रहा है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे व रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे से सटे जंगलों के बाद बेतालघाट ब्लॉक के नौघर गांव के तोक मौका क्षेत्र से सटा जंगल आग धधक गया। देखते ही देखते आग जंगल के बड़े हिस्से में फैल गई। आग की लपटों से गांव के बाशिंदे भी दहशत में आ गए। एक के बाद एक जंगलो को नुकसान पहुंचने से गांवों के बाशिंदों में गहरी नाराजगी है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के मनीष तिवारी, संजय सिंह, जगमोहन सिंह, त्रिलोक सिंह, दयाल सिंह, मदन सिंह, महेंद्र सिंह बिष्ट आदि ने जंगलों को आग से बचाने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग वन विभाग से की है।




