🔳महत्वपूर्ण हाईवे पर जाम बनती जा रही बड़ी समस्या
🔳जगह जगह हाइवे की बदहाल स्थिति रोक रही रफ्तार
🔳यातायात सुचारु कराने में पुलिस के छूट रहे पसीने
🔳पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने एनएच प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर जाम एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। यातायात सुचारु कराने में पुलिस के भी पसीने छूट जा रहे हैं। यातायात व्यवस्था चरमराने से पर्यटकों व यात्रियों को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाइवे के बदहाल स्थिति जाम का एक प्रमुख कारण बनता जा रहा है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
कुमाऊं की लाइफ लाइन जाम से हांफने लगी है। कदम कदम पर लग रहे जाम से आवाजाही कर रहे छोटे बड़े वाहन रेंग रेंग कर आगे बढ़ रहे हैं। दो पांखी, रातीघाट, रामगढ़ समेत तमाम स्थानों पर हाइवे की दयनीय स्थिति जाम की समस्या पैदा कर रही है बावजूद लंबे समय से स्थित में सुधार नहीं किया जा रहा। लगातार व्यवस्था में सुधार की मांग उठने के बावजूद एनएच के अफसरों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से पर्यटकों व यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्रों में वाहनों की कतार लग जाने से स्कूली नौनिहाल व राहगीरों पर भी दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। खैरना, कैंची, भवाली पुलिस की टीम यातायात सुचारु करने में जुटी है बावजूद एनएच की बदहाल स्थिति से जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है। प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना, मनोज नैनवाल, हीरा सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, पंकज नेगी, विक्रम सिंह बिष्ट, सुनील सिंह मेहरा आदि ने हाइवे की स्थिति में सुधार कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो फिर एनएच विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा।




