🔳एक के बाद एक प्रतियोगी परीक्षा पास कर किया क्षेत्र को गौरवान्वित
🔳मेधावी की सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर
🔳माता पिता को दिया सफलता का पूरा श्रेय
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर रातीघाट निवासी मंजरी सती ने लगातार दो प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। मंजरी ने पहले सहायक कृषि अधिकारी की परीक्षा पास की अब आइबीपीएस के तहत होने वाली परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर टॉप टेन सूची में जगह बनाई है। मंजरी का चयन पंजाब नैशनल बैंक में एग्रीकल्चर फिल्ड ऑफिसर के रूप में हुआ है। मंजरी की सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है।
मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। यह बात बेतालघाट ब्लॉक के रातीघाट निवासी देवेंद्र सती की बेटी मंजरी पर एकदम सटीक बैठती है। बचपन से ही मेधावी रही मंजरी ने एक बाद एक सफलता हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। प्रारम्भिक शिक्षा खैरना व रातीघाट से लेने के बाद मंजरी ने हल्द्वानी से स्नातक किया। लगातार कड़ी मेहनत करने वाली मंजरी का कुछ माह पहले ही उत्तराखंड सरकार के उद्यान विभाग की प्रतियोगी परीक्षा पास कर सहायक कृषि अधिकारी पद पर चयन हुआ। संघर्षरत मंजरी ने अब एक बार फिर अपनी सफलता का झंडा फहराया दिया है। उन्होंने बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आइबीपीएस) के तहत होने वाली परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर वरीयता सूची में जगह बनाई है। बेहतर प्रदर्शन के दम पर मंजरी का चयन पंजाब नैशनल बैंक में एग्रीकल्चर फिल्ड ऑफिसर के पद पर हुआ है। मंजरी के पिता रातीघाट में सस्ता गल्ला विक्रेता है जिसकी माता भावना सती गृहिणी हैं। मंजरी ने सफलता का श्रेय माता पिता को दिया है। जबकि लोकसेवा आयोग की परीक्षा पास करना लक्ष्य है। मंजरी की सफलता पर पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने खुशी व्यक्त की है।




