🔳विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ता पोस्टर व बैनर लगाकर मांगते हैं वोट
🔳चुनाव के वक्त तो छोड़िए जीतने के बाद भी गांव नहीं पहुंचे सांसद
🔳गांव के बाशिंदे मतदान कर निभाते हैं अपनी जिम्मेदारी
🔳मतदान के दिन महानगरों से भी गांव पहुंचते हैं ग्रामीण
🔳प्रत्याशियों की अनदेखी से गांव के बाशिंदों में है नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर पांगकटारा गांव के बाशिंदे लोकतंत्र के त्यौहार में मतदान कर अपनी जिम्मेदारी जरुर निभाते हैं पर पिछले दस सालों में लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों तक के दर्शन तक नहीं किए हैं। हालांकि राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता गांव में पहुंचकर प्रत्याशियों के पोस्टर व बैनर जरुर लगा देते है। प्रत्याशियों के आज तक गांव में न पहुंचने का मलाल है। कहते है चुनाव के दौरान ही प्रत्याशी गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हार जीत के बाद तो पहुंचना मुश्किल है।
सूदूर पांगकटारा गांव के लगभग दो सौ से ज्यादा ग्रामीण चुनाव में अपने मत का अधिकार करते हैं। मतदान की ललक ऐसी है की रोजगार की तलाश में महानगरों में रह रहे परिवार भी मतदान को गांव पहुंचते हैं। उम्मीद होती है की शायद गांव के दिन बहुर सके। पर स्थित एकदम उलट है। लोकसभा चुनाव लड़ने वाले विभिन्न पार्टियों के एक भी प्रत्याशी आज तक गांव नहीं पहुंच सके हैं। हालांकि दस वर्ष पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रहे भगत सिंह कोश्यारी गांव जरुर पहुंचे थे पर तब से आज तक किसी भी सांसद या लोकसभा प्रत्याशी ने गांव की ओर रुख करने की जहमत नहीं उठाई। पार्टीयों के कार्यकर्ता पोस्टर व बैनर लेकर गांव पहुंचकर लोगों को प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील जरुर करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार दो लोकसभा चुनाव के बाद से न चुनें हुए सांसद गांव पहुंचे न ही विपक्ष के नेता ने सुध ली। ऐसे में समस्याओं के समाधान की बात बैमानी साबित हो रही है। यही कारण भी है की गांव के लोगों ने समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी छोड़ दी है। गांव के कास्तकार त्रिलोक सिंह शाही, गोविन्द सिंह, बिशन सिंह, पार्वती देवी, प्रेमा देवी आदि के अनुसार मतदान हमारा अधिकार है पर प्रत्याशी गांव की ओर रुख नहीं करते। सड़क मार्ग से सटे गांवों में प्रचार व सभा कर नेता वापस लौट जाते हैं। जबकि आज भी महानगरों में रहने वाले गांव के बाशिंदे मतदान के दिन गांव पहुंचकर मत का इस्तेमाल करने में पीछे नहीं रहते। सांसद प्रत्याशीयों के गांव न पहुंचने से गांव के बाशिंदों में मायूसी भी है।




