🔳निर्माण व खनन कार्य में जुटे श्रमिक नदी में खुले में कर रहे शौच
🔳जगह जगह गंदगी से संक्रामक बिमारी फैलने का खतरा
🔳नियमों की खुलेआम उड़ाई जा रही धज्जियां
🔳नदियों को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने की मुहिम को लगाया जा रहा पलीता
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से खड़े हो रहे गंभीर सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
नदियों को स्वच्छ रखने को समय समय पर अभियान चलायें जा रहे हैं पर बाहरी क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रमिक नदी के बीचोंबीच तंबू लगाकर खुले में शौच कर पवित्र नदियों को प्रदूषित कर दे रहे है। नियमों को ताक पर रख नदियों को खुलेआम प्रदूषित किया जा रहा है बावजूद जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। ज़िम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं जबकि संक्रामक बिमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे के समीप से निकलने वाली शिप्रा व कोसी नदी बाहरी राज्यों से पहुंचे श्रमिकों के निशाने पर आ गई है। पवित्र नदियों को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए स्वच्छता महाअभियान के जरिए समय समय पर विशेष अभियान चलाकर गंदगी का निस्तारण किया जाता है। नदियों से तमाम गांवों के लोग पीने के पानी के पानी का इस्तेमाल भी करते हैं जबकि आस्था से जुड़ी नदी से तमाम धार्मिक अनुष्ठान भी होते हैं। पर खनन व निर्माण कार्यों के लिए पहुंचे श्रमिकों ने नदी क्षेत्र में तंबू लगाकर खुले में शौच कर नदियों को प्रदूषित करने में जुटे हुए हैं। शौचालय की व्यवस्था न होने से नदी क्षेत्र में जगह जगह गंदगी का अंबार लग चुका है। ऐसे में संक्रामक बिमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने नदियों के प्रदूषित होने पर गहरी नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना, विरेन्द्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह, गोविन्द सिंह, कुलदीप सिंह, आंनद सिंह, सुनील सिंह ने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




