🔳गांव में स्थित पंचायत भवन में हुई एक दिवसीय कार्यशाला
🔳कृषि विभाग के तत्वाधान में हुए कार्यक्रम में दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
🔳किसानों ने उठाई जंगली जानवरों से खेती बचाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत रामगढ़ ब्लॉक के सिरसा गांव में किसानों को एक दिवसीय कार्यशाला में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई। कार्यक्रम के दौरान किसानों को उन्नत खेती के गुर सिखाए गए। किसानों ने जंगली जानवरों से लगातार चौपट होती उपज को बचाने के लिए ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई।
सिरसा गांव स्थित पंचायत भवन में हुई कार्यशाला का शुभारंभ ग्राम प्रधान इंदू जीना ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्वलित कर किया। ग्राम प्रधान इंदु ने कार्यशाला पर कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया। कहा की ऐसे कार्यक्रमों से किसान निश्चित रूप से लाभान्वित होते हैं। कृषि विभाग के कुशल सिंह व तृप्ति पांडे ने किसानों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई। बताया कि बेहतर तकनीक व सही जानकारी से की गई खेती से किसान लाभान्वित हो सकते हैं। फसलों में लगने वाली बीमारियों व उनसे बचाव के तौर तरीके बताए। विभागीय योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया गया। इस दौरान नर सिंह जीना, कुबेर सिंह, जीना, उमा देवी, आशा देवी, राधिका देवी, मंजू देवी, विमला देवी, शांति देवी आदि मौजूद रहे।




