🔳प्रशासन से अनुमति न मिलने से कार्य पर लगा ब्रेक
🔳थुआ की पहाड़ी काट किया जाना है चौड़ीकरण कार्य
🔳अधूरा कार्य होने से लगातार बढ़ रहा खतरा
🔳चुनाव के बाद ही खतरा टालने को कार्य शुरू होने की उम्मीद
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अति संवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में जोखिम कम होने की उम्मीद धराशाही हो गई है। अब लोकसभा चुनाव के बाद हाईवे चौड़ीकरण कर खतरा टाले जाने का कार्य होने की उम्मीद है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार प्रशासन से अनुमति न मिल पाने से अब चुनाव के बाद ही कार्य शुरु हो सकेगा।
कुमाऊं की लाइफ लाइन पर दो पांखी क्षेत्र में चार वर्ष पूर्व आपदा से भारी नुकसान पहुंचा। कई दिनों तक आवाजाही ठप होने के बाद एनएच प्रशासन ने बामुश्किल वन-वे आवाजाही सुचारु की। अब केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय भारत सरकार से बजट मिलने के बाद दो पांखी क्षेत्र में हाइवे को चौड़ा किए जाने की रणनीति तैयार की गई। लगातार बढ़ते खतरे के बीच तीन महीने पहले कार्य शुरु किया गया। पहाड़ी को आधा अधूरा ही काटा जा सका था की प्रशासन से मिली अवधि समाप्त हो गई। तब से अब तक जोखिम दोगुना बढ़ चुका है। आए दिन जाम लगने से यात्री परेशान हैं तो वहीं थुआ की पहाड़ी से भी भूस्खलन का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। एनएच प्रशासन ने बीते दिनों दोबारा कार्य शुरु करने को हाइवे पर एक महीने यातायात रोकने को प्रशासन से अनुमति मांगी पर महत्त्वपूर्ण हाइवे को एक महीने तक बंद रखने पर प्रशासन ने अनुमति देने से मना कर दिया। हलकान एनएच ने कार्य के दौरान दो – दो घंटे आवाजाही रोकने की दोबारा अनुमति मांगी पर अभी तक अनुमति न मिलने व लोकसभा चुनाव के नजदीक होने से खतरा टालने का कार्य चुनाव के बाद होने की उम्मीद है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार अब चुनाव के बाद ही कार्य शुरु हो सकेगा। फिलहाल अनुमति भी नहीं मिली है और चुनाव भी नजदीक है। ऐसे में अब लोकसभा चुनाव के बाद ही चौड़ीकरण कार्य शुरु हो सकेगा।




